Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देवरिया में सीएम योगी देंगे 456 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, विकास को लगेंगे पंख

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 03:43 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया जिले को 456.38 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें सड़क, पुल, बाढ़ नियंत्रण, शिक् ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री योगी देवरिया को देंगे 456.38 करोड़ की सौगात।

    2. 106 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे सीएम।

    3. सड़क, पुल, बाढ़ नियंत्रण, शिक्षा सहित कई योजनाएं शामिल।

    जागरण संवाददाता, देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिले को 456.38 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बरहज विधानसभा क्षेत्र के बरांव चौराहे के समीप नेतवार गांव में आयोजित कार्यक्रम में वह 106 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे, इनमें सड़क, पुल, बाढ़ एवं कटान निरोधक कार्य, शिक्षा तथा नगर विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। यह जानकारी सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने दी।

    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 64.94 करोड़ रुपये लागत की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 391.44 करोड़ रुपये लागत की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उसमें सरयू नदी के बाएं तट पर निर्मित छितूपुर-भागलपुर तटबंध के 0.191 से 0.820 किलोमीटर के मध्य 10.90 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया कटान निरोधक कार्य, बरहज तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित कपरवार-बिनटोलिया ग्राम समूह की सुरक्षा के लिए 4.52 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए कटान निरोधक कार्य, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में निर्मित अकादमिक ब्लाक एवं छात्रावास भवनों का लोकार्पण किया जाएगा।

    रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में नवगांव छपरा तटबंध के सुदृढ़ीकरण की 6.85 करोड़ रुपये की परियोजना भी जनता को समर्पित की जाएगी। शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में बरहज विकास खंड के भदिला अव्वल गांव में 31.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल निर्माण, सोनूघाट-बरहज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 172.26 करोड़ रुपये, नौरंगिया हाटा-गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से का 66.38 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल है।

    भागलपुर कस्बे की सुरक्षा हेतु 6.80 करोड़ रुपये की कटान निरोधक परियोजना, केवटलिया-मेहन तटबंध पर 4.05 करोड़ रुपये की योजना तथा छितूपुर-भागलपुर तटबंध पर 5.85 करोड़ रुपये की नई कटान निरोधक परियोजना का भी शिलान्यास होगा। इसके अतिरिक्त इंदुपुर-लवकनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, रुद्रपुर नगर पंचायत में बारात घर निर्माण तथा एनएसएस प्रशिक्षण केंद्र भवन के पुनर्निर्माण जैसी परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी जाएगी।

    मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
    संवाद सूत्र, मदनपुर: मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बुधवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी अभिजीत आर शंकर ने नेतवार स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व हेलीपैड निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद सहित पार्टी पदाधिकारी भी तैयारियों की निगरानी में जुटे रहे।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- CM योगी का तीन दिवसीय दौरा आज, गोरखपुर, संतकबीर नगर और देवरिया में देंगे करोड़ों की सौगात

    सड़कें दुरुस्त करने में जुटा विभाग
    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने रुद्रपुर-बरहज मार्ग पर बरांव चौराहे के आसपास सड़क के गड्ढों को भरने का काम तेज कर दिया है। मदनपुर के पास निर्माणाधीन पुलिया पर स्लैब डालने और एप्रोच मार्ग तैयार करने का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है।

    11 स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था
    कार्यक्रम में आने वाले लोगों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए कुल 11 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वीआइपी वाहनों के लिए हनुमान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर व बरांव स्थित ब्रह्मस्थान के समीप व्यवस्था की गई है। आम लोगों के वाहनों के लिए मदनपुर, बरांव, खुदिया बुजुर्ग मार्ग, बहसुआ सहकारी समिति के निकट, कोल्हुआ मोड़, नेतवार बगीचा, बंद ईंट भट्ठा मोड़ तथा हरनही पुल के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।