देवरिया में बीजेपी के स्वागत कार्यक्रम में चले लाठी-डंडे, आपस में भिड़े भाजपा के दो गुट; Video वायरल
देवरिया में भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी के दो गुटों में ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा के स्वागत कार्यक्रम में दो गुटों में भिड़ंत।
देवरिया के खरोह चौराहे पर हुई लाठी-डंडे से मारपीट।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को देवरिया में पार्टी के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
मामला गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खरोह चौराहे का बताया जा रहा है। शिवानंद द्विवेदी के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ता जिले की सीमा खरोह के पास एकत्र हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर भाजपा समर्थकों के दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
गुत्थम-गुत्था नजर आए कार्यकर्ता
प्रसारित वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे से गुत्थम-गुत्था करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। कुछ लोगों ने एक कार्यकर्ता की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाता नजर आया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- मायावती का बड़ा एलान: यूपी और उत्तराखंड की तरह पंजाब में भी अकेले चुनाव लड़ेगी बीएसपी
घटना के समय भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौके पर मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, मारपीट की वजह और घायलों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
