पेड़ों की कटाई में सुस्ती से अटका देवरिया बाईपास निर्माण, परियोजना पर संकट
देवरिया बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य पेड़ों की कटाई में देरी के कारण प्रभावित हो रहा है, जिससे आठ माह में केवल नौ प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पेड़ों की कटाई में देरी से बाईपास निर्माण प्रभावित।
आठ माह में केवल नौ प्रतिशत कार्य पूरा हुआ।
वन निगम गोरखपुर पर पेड़ों की कटाई का जिम्मा।
जागरण संवाददाता, देवरिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 727ए के तहत बन रहे देवरिया बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य पेड़ों की कटाई न होने से प्रभावित हो गया है। वन निगम गोरखपुर की ओर से अब तक पेड़ों की कटाई पूरी न किए जाने से निर्माण एजेंसी को अवरोध मुक्त भूमि नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह है कि आठ माह में महज नौ प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो सका है।
गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर फोरलेन से जुड़ने वाला यह बाईपास सिरजम खास बैतालपुर से शुरू होकर मुंडेरा बुजुर्ग सोनूघाट होते हुए आगे फोरलेन में मिलेगा। करीब 21.9 किलोमीटर लंबी यह परियोजना 33 गांवों से होकर गुजरेगी।
परियोजना की कुल लागत लगभग 1734.70 करोड़ रुपये है, जबकि सिविल कार्य के लिए 588 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। निर्माण कार्य एक अगस्त 2025 से शुरू हुआ था, लेकिन अब तक 2055 पेड़-पौधों की कटाई पूरी नहीं हो सकी है।
इनमें 469 पेड़ और 1586 पौधे शामिल हैं। सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से कई बार लाट तैयार कर वन निगम गोरखपुर को भेजे गए, लेकिन खरीदार नहीं मिलने के कारण अधिकांश लाट की नीलामी नहीं हो सकी। अब तक केवल दो लाट के पेड़ों की कटाई हुई है।
मोर्थ की परियोजना कार्यान्वयन इकाई गोरखपुर के परियोजना निदेशक मो. नुसरतुल्लाह खान ने वन निगम गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक, महाप्रबंधक वन निगम लखनऊ, क्षेत्रीय अधिकारी मोर्थ लखनऊ व डीएम देवरिया को पत्र भेजकर शीघ्र पेड़ कटान कराने का अनुरोध किया है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका पहुंची थाने, पुलिस से मांगी मदद
पत्र में कहा गया है कि अनुबंध के अनुसार निर्माण एजेंसी को समय पर अवरोध मुक्त भूमि उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसा न होने पर संवेदक अनुबंध निरस्त कर सकता है, जिससे भारत सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ सकता है। परियोजना के तहत सात वाहन अंडरपास प्रस्तावित हैं, जिनमें तीन पर कार्य प्रगति पर है। वहीं 53 पुलियों में से 29 का निर्माण पूरा हो चुका है।
एक नजर में परियोजना
- परियोजना: देवरिया बाईपास
- लंबाई: 21.9 किमी
- अधिग्रहीत भूमि: 84.9058 हेक्टेयर
- कुल मुआवजा: 480 करोड़ रुपये
- वितरित मुआवजा: 413.39 करोड़ रुपये (86 प्रतिशत)
- मुआवजा पाने वाले किसान: 4850
वन निगम गोरखपुर ने अभी तक पेड़ों की कटाई का कार्य पूरा नहीं किया है। मुख्यमंत्री स्तर पर नियमित समीक्षा के बावजूद कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। इस संबंध में कई बार पत्राचार किया जा चुका है।
;मो. नुसरतुल्लाह खान, परियोजना निदेशक, मोर्थ गोरखपुर
कर्मचारियों की कमी के कारण विभागीय स्तर पर पेड़ों की कटाई में समय लग रहा है। जल्द से जल्द देवरिया बाईपास की जद में आने वाले संपूर्ण पेड़ों की कटाई का प्रयास होगा।
-अशोक कुमार, प्रभागीय लौगिंग प्रबंधक, वन विगम गोरखपुर