देवरिया में स्व-जनगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार, गांव-गांव पहुंच रही टीम
देवरिया के लार ब्लॉक में जनगणना-2027 के तहत मकान स्व-जनगणना अभियान ने गति पकड़ी है। टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को 7 से 21 मई तक डिजिटल माध्यम से स्वयं ...और पढ़ें
-1778500277737_m.webp)
स्व-जनगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार। AI जेनेरेटेड फोटो
HighLights
लार ब्लॉक में स्व-जनगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार।
7 से 21 मई तक चलेगी डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया।
पोर्टल पर मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर भरें जानकारी।
संवाद सूत्र, सलेमपुर। जनगणना-2027 के तहत शुरू हुई मकान स्व-जनगणना को लेकर लार ब्लॉक में अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। गांव-गांव जाकर लोगों को डिजिटल माध्यम से स्वयं जनगणना करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह स्व-गणना प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगी, जबकि 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर गणना कार्य करेंगे।
फील्ड ट्रेनर डॉ. गोविंद मिश्रा, शिशिर राय, अरविंद कश्यप व मयंक पांडेय समेत टीम ग्राम प्रधानों, स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। टीम द्वारा ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि पोर्टल पर 33 बिंदुओं से संबंधित जानकारी किस प्रकार भरनी है और स्व-जनगणना की प्रक्रिया कैसे पूरी करनी है।
जागरूकता अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर लोगों को डिजिटल प्रक्रिया समझाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी गणना कर सकें। डॉ. गोविंद मिश्रा ने बताया कि स्व-गणना के लिए सबसे पहले पोर्टल पर मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। फॉर्म सबमिट होने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि आगे सत्यापन में इसी की आवश्यकता पड़ेगी।
वहीं शिशिर राय ने बताया कि फॉर्म जमा होने के बाद मोबाइल नंबर और परिवार के मुखिया के नाम में बदलाव संभव नहीं होगा, जबकि अन्य सभी जानकारियों में संशोधन किया जा सकेगा। अभियान के चलते क्षेत्र में लोगों में उत्साह बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग स्व-जनगणना में भागीदारी कर रहे हैं।