देवरिया में 1 लाख रुपये में बेटियों का सौदा, हरियाणा भेजे जाने वाले गिरोह का पर्दाफाश; फरार हुईं दलाल महिलाएं
देवरिया से बेटियों को हरियाणा में एक लाख रुपये में बेचने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसकी सरगना तीन महिलाएं हैं। यह गिरोह गरीब परिवारों की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देवरिया से बेटियों को एक लाख में हरियाणा भेजा जा रहा।
तीन महिला सरगनाओं का गिरोह गरीब लड़कियों को बनाता निशाना।
रुद्रपुर से एक वर्ष में छह से अधिक लड़कियां बेची गईं।
श्यामानंद पांडेय, रुद्रपुर(देवरिया)। दलालों के माध्यम से देवरिया जनपद से एक लाख रुपये में बेटियों को हरियाणा भेजा जा रहा है। रुद्रपुर से यह गिरोह पिछले कई वर्षो से फल-फूल रहा है। इनके नेटवर्क की सरगना तीन महिलाएं बताई जा रही हैं जो जनपद के सुरौली थाना क्षेत्र के मझगांवा की रहने वाली हैं। इनके निशाने पर कमजोर और, बेबस वंचित वर्ग की बेटियां हैं, जिनके अरमानों को दलाल चकनाचूर कर रहे हैं।
गरीबी से जूझ रहे परिवारों की बेटियों को अपने जाल में झूठे तिलिस्म दिखाकर फंसा लेती हैं। एक वर्ष के अंदर छह से अधिक लड़कियां रुद्रपुर नगर पंचायत के वार्डों से हरियाणा को भेजी जा चुकी है। जिनमें खून के रिश्ते वाली बेटियों को भी महिलाएं नहीं बख्शती। जब लड़कियां वहां पर जाकर फंस जाती है उसके बाद उनका फिर वापस आना मुश्किल हो जाती है।
सामाजिक लोकलाज के कारण लोग सामने नहीं आते। जिससे इनका धंधा फल-फूल रहा है। नाबालिग को भी ले जाने के मामले पहले आ चुके हैं। बानगी के तौर पर रुद्रपुर नगर पंचायत के भरटोला, दुग्धेश्वरनाथ वार्ड में गरीब वर्ग की बेटियों के स्वजन को रुपये देकर हरियाणा के दलालों के माध्यम से अधेड़ उम्र के लड़कों से शादी कराया जा चुका है।
छह माह पहले रुद्रपुर नगर पंचायत के काशीपुरम गेट के समीप एक व्यक्ति ने अपने भाई की पुत्री की शादी बहला-फुसलाकर मात्र 90 हजार रुपये लेकर दोगुनी उम्र के अधेड़ से करा दी। भाई को जब बेटी के साथ हुए काम की असलियत पता चली तो पैरों तले भूमि खिसक गई। कुछ दिन कोतवाली का चक्कर भी लगाया।
खबरें और भी
आसपास के लोगोंं के पहुंचने पर फरार हुईं दलाल
मंगलवार को दलाल जब एक महिला के घर पहुंचे तो उनकी पुत्री को उनकी असलियत का पता चला। उसके बाद वह अपने मामा के घर चली गई। दलाल तीनों महिलाएं घर आकर धमकाने लगी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो तीनों वहां से फरार हो गई।
इस तरह के मामले में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अगर लोग अपनी रजामंदी से शादी कर रहे हैं तो उसमें पुलिस क्या कर सकती है। किसी का कोई आरोप है तो पुलिस को बताए, कार्रवाई की जाएगी।- कल्याण सिंह सागर. प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर