विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP MLC चुनाव: देवरिया में पुलिसवालों को समय से पहुंचने और ड्यूटी के सख्त निर्देश जारी

Published: Mon, 19 Oct 2026 04:04 PM (IST)

देवरिया जिला प्रशासन एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है। पुलिसकर्मियों को ...और पढ़ें

पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग

पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग

जागरण संवाददाता, देवरिया। एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और सतर्कता से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने चुनाव ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान निर्वाचन व्यवस्थाओं और सुरक्षा ड्यूटी के दायित्वों की जानकारी देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने, मतदान में बाधा डालने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने तथा मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने को कहा गया।

मतदाताओं के लिए भयमुक्त माहौल बनाने और पुलिसकर्मियों को निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क में रहने को भी कहा गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी और क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।