देवरिया में बंदर भगाने के चक्कर में टूटा खिड़की का शीशा, फिर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे; 10 लोग घायल
देवरिया के मल्हचक गांव में बंदर भगाने के दौरान खिड़की का शीशा टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बंदर भगाने के दौरान खिड़की का शीशा टूटा।
मल्हचक गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प।
लाठी-डंडों से मारपीट में 10 लोग घायल।
संवाद सूत्र, देवरिया। बंदर भगाने के दौरान खिड़की का शीशा टूटने को लेकर मल्हचक गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कुल 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
एक युवक शुक्रवार को अपने घर की छत से बंदरों को भगाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ से चला डंडा पड़ोसी के मकान की खिड़की पर जा लगा, जिससे शीशा टूट गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया।
खिड़की की क्षतिपूर्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। झड़प में एक पक्ष के छह तथा दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर छह से अधिक लोगों के विरुद्ध मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।