विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नहीं रहे देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी, दिल्ली में इलाज के दौरान हुआ निधन

Published: Sun, 08 Nov 2026 01:37 PM (IST)

देवरिया के पूर्व सांसद और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का दिल्ली में निधन हो गया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पूर्व सांसद और लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन।

  2. 1971 भारत-पाक युद्ध में निभाई थी सक्रिय भूमिका।

  3. देवरिया से दो बार लोकसभा सांसद चुने गए।

जागरण संवाददाता, देवरिया। देवरिया के पूर्व सांसद एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे।

उनके निधन की जानकारी उनके पुत्र एवं देवरिया के वर्तमान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से दी। उनके निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया।

लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जन्म 30 जून 1935 को देवरिया जिले के बैतालपुर विकासखंड के बरपार गांव में हुआ था। उन्होंने जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के बल पर लेफ्टिनेंट जनरल के पद तक पहुंचे।

वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध (बांग्लादेश मुक्ति संग्राम) में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। वह वर्ष 1992 से 1993 तक सेना में उप-सेनाध्यक्ष (डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर भी रहे।

सेना में विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) से सम्मानित किया गया था। सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ गए।

वर्ष 1996 में उन्होंने पहली बार भाजपा के टिकट पर देवरिया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर संसद पहुंचे। इसके बाद वर्ष 1999 में भी उन्होंने जीत दर्ज की और दूसरी बार लोकसभा सदस्य बने। उन्हें देवरिया से भाजपा का पहला सांसद बनने का गौरव प्राप्त था।

उनके पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी वर्तमान में देवरिया से भाजपा के सांसद हैं। उनके निधन से जिले ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने सैन्य सेवा और संसदीय राजनीति, दोनों क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

यह भी पढ़ें- देवरिया में दादा, पोते और भांजे की ताल में डूबकर दर्दनाक मौत, एनडीआरएफ ने निकाले शव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।