सिसकियों के बीच गुजरी रात, दरिंदगी की दास्तान सुन दंग रह गई पुलिस, चाचा को देख आंखों से बहने लगे आंसू

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, देवरिया। गैंग रेप की पीड़िता किशोरी की पूरी रात वन स्टाप सेंटर में सिसकियों के बीच गुजरी। कंपकंपाते होठों से उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तां सुनाई तो वहां मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। किशोरी ने बताया कि बलरामपुर से सलेमपुर तक के रास्ते में ट्रक चालक और खलासी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि उसका गला भी दबाया गया, जिससे गले में सूजन आ गई थी। वह काफी डरी और सहमी हुई थी। सोमवार को बलरामपुर देहात कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे किशोरी के चाचा ने उसके सिर पर हाथ फेरकर ढांढस बंधाया तो उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। बाद में पुलिस और चाचा उसे अपने साथ बलरामपुर लेकर चले गए।
घर से भागकर प्रेमी से मिलने जालंधर जा रही थी किशोरी
बलरामपुर देहात कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली किशोरी एक युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है। युवक पंजाब के जालंधर में निजी कंपनी में काम करता है। परिवार के लोग उसके इस निर्णय का विरोध कर रहे थे। इससे नाराज किशोरी शनिवार की शाम घर से जालंधर जाने के लिए निकल गई। रास्ते में वह रोते हुए सड़क किनारे खड़ी थी।
इसी दौरान सीतापुर से फर्नीचर लादकर जालंधर जा रहे ट्रक चालक सीतापुर निवासी सकूल पुत्र शौकत और खलासी वकील पुत्र बरकत ने ट्रक रोककर उसे बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से कई बार दुष्कर्म किया।
किशोरी के चीखने-चिल्लाने पर आरोपितों ने उसका मुंह और गला दबाया तथा जान से मारने की धमकी दी। सलेमपुर में ट्रक से फर्नीचर उतारा जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदेह हुआ तो उसने 1090 पर सूचना दी।
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय ने भी सलेमपुर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस किशोरी को बरामद कर ट्रक लेकर कोतवाली लेकर चली गई। रविवार की रात में ही इसकी सूचना बलरामपुर देहात कोतवाली पुलिस को दी गई।
प्रभारी निरीक्षक सलेमपुर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर ट्रक में गैंग रेप का मुकदमा दर्ज कर जीरो एफआइआर की प्रति उप निरीक्षक के माध्यम से बलरामपुर देहात कोतवाली भेजी गई है। किशोरी को वन स्टाप सेंटर से बलरामपुर पुलिस और उसके चाचा अपने साथ ले गए हैं आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी।
