विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पथरदेवा विधायक सूर्यप्रताप शाही के प्रयास से विकास को मिली रफ्तार, अभी भी फीकी है चीनी मिल का वादा अधूरा

Published: Fri, 24 Jul 2026 06:33 PM (GMT+05:30)

पथरदेवा विधायक सूर्यप्रताप शाही के कार्यकाल में क्षेत्र में सड़कों, शिक्षा और बिजली समेत कई विकास कार्य हुए हैं। हालांकि, ...और पढ़ें

सूर्यप्रताप शाही, विधायक, पथरदेवा।

सूर्यप्रताप शाही, विधायक, पथरदेवा।

HighLights

  1. सड़क, शिक्षा, बिजली में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुईं।

  2. देवरिया-कसया फोरलेन, राजकीय आईटीआई, मिनी स्टेडियम जैसे बड़े कार्य।

  3. बैतालपुर चीनी मिल, पथरदेवा तहसील का वादा अधूरा।

जागरण संवाददाता, देवरिया। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक हैं। जनता की अपेक्षाएं पहले से कहीं अधिक बढ़ गईं। उनके साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में पथरदेवा विधानसभा में विकास की तस्वीर बदली है। कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। क्षेत्र में विकास की रफ्तार भी बढ़ी व कई पर तेजी से काम चल रहा है। सड़कें व पुल बनें।

शिक्षा, बिजली, खेल व कृषि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिलीं। सबसे बड़ी परियोजना देवरिया-कसया फोरलेन है। करीब 292 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण चल रहा है। देवरिया-हाटा मार्ग का चौड़ीकरण भी तेजी से हो रहा है। डुमरी-अवरही, बंजरिया मोड़-देवरिया धूस, कंचनपुर-पकहा, सोनहुला रामनगर-आनंद नगर व बैतालपुर-बरपार-बलटिकरा मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजनाओं ने क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को नई दिशा दी है।

बघौचघाट-फाजिलनगर मार्ग पर नारायणपुर में खनुआ नाला के समानांतर नए पुल का निर्माण भी जारी है। विकास कार्यों के बावजूद कुछ बड़े मुद्दे अब भी अधूरे हैं। औने-पौने दाम पर बिक चुकी बैतालपुर चीनी मिल को दोबारा चालू कराने का वादा पूरा नहीं हो सका। पथरदेवा को तहसील बनाने की मांग भी फाइलों में ही अटकी है।

नवसृजित नगर पंचायतों में पेयजल, जलनिकासी, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों को खल रही है। कई परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं, जिनका लाभ जनता को पूरी तरह नहीं मिल सका है।

  • कुल मतदाता: 321964
  • पुरुष मतदाता: 175309
  • महिला मतदाता: 146655

पथरदेवा, देसही देवरिया, तरकुलवा ब्लॉक में सभागार व बहुमंजिला आवास बने। बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए तरकुलवा के नारायणपुर में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति दिलाई गई। कई स्थानों पर विद्युत कार्य हुए। हालांकि कई गांवों में जर्जर तार व पुराने पोल आज भी लोगों की परेशानी बने हुए हैं। छोटे-छोटे फाल्ट व दुर्घटनाओं का खतरा अभी भी बना रहता है। शिक्षा के क्षेत्र में भी कई बड़े काम हुए।

जैसौली में 63.14 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया गया। उसके भवन व आवासीय सुविधाओं का विस्तार भी हुआ। डिघवा पौटवा में राजकीय आईटीआई का निर्माण कराया गया। खेल व कृषि क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी गई। भिसवा में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया। बैतालपुर में किसान प्रशिक्षण केंद्र बना। तरकुलवा व पथरदेवा में गोदाम बने।

नवीन मंडी परिसर में भी भंडारण क्षमता बढ़ाई गई। भरौटा से कुशीनगर को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कराया गया। महुआडीह-बेलवा बाजार दोराची पुल व दो गोशालाओं की भी स्वीकृति मिली। चार नगर पंचायतों के विकास के लिए लगभग 720 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी स्वीकृत हुईं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास व सुशासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे देवरिया जनपद में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य व विद्युत के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। लगभग 292 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा देवरिया-कसया फोरलेन, देवरिया-हाटा मार्ग का चौड़ीकरण, बघौचघाट-पकहां मार्ग पर नए पुल, डिघवा पौटवा में राजकीय आइटीआइ, भिसवा में मिनी स्टेडियम, बैतालपुर में किसान प्रशिक्षण केंद्र व नारायणपुर में विद्युत उपकेंद्र जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से हजारों जरूरतमंद परिवारों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। कानून-व्यवस्था में सुधार व भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण से प्रदेश में निवेश व विकास का वातावरण बना है। मुझे विश्वास है कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन व जनकल्याण के इन कार्यों को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भी अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी। -सूर्य प्रताप शाही, कृषि मंत्री एवं विधायक पथरदेवा।

 

पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांवों में विकास कार्य नहीं हुए हैं। आज भी ग्रामीण सड़कें कीचड़ से भरी हैं व बिजली कटौती आम समस्या बनी हुई है। किसान समय पर खाद व नहरों में पानी के लिए परेशान हैं। कृषि मंत्री ने किसानों की समस्याओं में रुचि नहीं हैं। क्षेत्र में बेरोजगारी भी लगातार बढ़ रही है व युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। सरकार बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ध्यान नहीं दे रही है। जनता विकास व सुविधाओं की उम्मीद कर रही है, लेकिन उन्हें अभी भी कई मोर्चों पर निराशा का सामना करना पड़ रहा है। -ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, पूर्व मंत्री, रनर अप।


बोले प्रबुद्ध नागरिक

विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का व्यापक लाभ मिला है, जिससे खेती में बड़ा बदलाव आया है। मुफ्त बिजली, उन्नत बीज, समय पर खाद की उपलब्धता और आधुनिक खेती के प्रशिक्षण से किसानों की लागत घटी है। विकास कार्य कराए गए हैं। -शंभू धर द्विवेदी, प्रगतिशील किसान।

 

क्षेत्र में सड़क व शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे लोगों का जीवन आसान बना है। अब प्राथमिकता आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की होनी चाहिए। सुसज्जित अस्पताल व विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित होने से लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। -दयाशंकर तिवारी, सेवानिवृत्त अपर जिला जज।

 

क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, लेकिन बैतालपुर चीनी मिल का पुनः संचालन समय की मांग है। इससे गन्ना किसानों को उचित मूल्य व समय पर भुगतान मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार बढ़ेगा व पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। -जोखन शास्त्री, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य।

 

शिक्षा, सड़क व आधारभूत ढांचे में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिससे क्षेत्र का विकास तेज हुआ है। अब जरूरत स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, बिजली व अन्य बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की है, ताकि विकास का लाभ हर गांव और हर नागरिक तक पहुंचे। -मुराद अहमद, अधिवक्ता।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।