Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एटा की अलीगंज विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड: विधायक का दावा... सड़कों का बिछाया जाल; विपक्ष बोला क्षेत्र अब भी बदहाल

    By Anil Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 21 Jul 2026 11:52 PM (IST)

    अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने सड़कों, शिक्षा और कल्याणकारी योजनाओं में विकास का दावा किया है। विपक्ष इन दावों को खारिज करते हुए क्षेत्र को अभी भ ...और पढ़ें

    एटा में अलीगंज विधानसभा से विधायक सत्यपाल सिंह राठौर।

    एटा में अलीगंज विधानसभा से विधायक सत्यपाल सिंह राठौर।

    HighLights

    1. विधायक ने क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने का दावा किया।

    2. विपक्ष ने विकास दावों को खोखला और क्षेत्र को बदहाल बताया।

    अनिल गुप्ता, एटा। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। मतदाता आंकलन कर रहे हैं कि उनके विधायक ने पांच वर्षों में क्या किया। अलीगंज के भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के बारे में खूब चर्चा हो रही है। पक्ष विपक्ष के बीच विकास बहस का मुद्दा बन चुका है। ऐसे में विकास कार्यों काे देखें तो क्षेत्र में सड़कों का जाल नजर आता है। कुछ पुलों का भी निर्माण हुआ और शिक्षा के क्षेत्र में भी काम दिखाई दे रहा है।

    कल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार क्षेत्र में तेज दिखाई देती है। दूसरी तरफ विपक्ष सिरे से नकार रहा है। उसकी नजर में क्षेत्र अभी भी बदहाल है। विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत और राय के मुताबिक क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम सड़कों पर हुआ। अगर विधायक द्वारा कराए गए 50 विकास कार्यों की बात करें तो 70 प्रतिशत से अधिक काम सड़कों से संबंधित दिखाई दे रहे हैं

    विधायक ने महिला थाना बनवाने के लिए पहल की तो वह अब बन चुका है। कलिंजर में आईटीआई शिक्षा की इबारत लिख रही है। अलीगंज के नगला पड़ाव में बस स्टैंड अहम उपलब्धियों में गिनी जा रही है। लोगों की आर्थिक मदद भी की गई, जिसमें पांच करोड़ रुपये तक का इलाज मुफ्त कराया गया। मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय 33 करोड़ की लागत से बन रहा है।

    सड़कों को देखें तो उभई-असदपुर, नकटई खुर्द, लखनपुरा-नगला चौहान, मेदीपुरा-सोखा, नगला बरी-असगपुर, कुरावली-भवकरिया, गुलारपुर-फर्दपुरा, अलीगंज-कुरावली, दरियावगंज मार्ग से बांदूपुरा, भदकी चौराहा-महमदपुर पट्टी, मसूलिया-नगला ढाकन, अलीगंज-मोगराहार, सिमरई-अर्जुनई, नगला सिमरा-खरसुलिया, सर्रा चिरौली-पहाड़पुर, जैथरा-पिंजरी, बंदनगर-राम नगरिया तक सड़कें बनवाई गईं

    जैथरा-दरियावगंज, अलीगंज-फर्रुखाबाद, अलीगंज-कंपिल, धुमरी सरौंठ सड़कों का चौड़ीकरण किया गया। धुमरी-पटियाली, तरिगवां-अल्लापुर, परौली-दतौली, बिल्सड़-चंदनपुर, नगला सामंत-नगला डालू, साबा-गढ़िया, तमरौरा-अकबरपुर, नदराला-गुनामई आदि सड़कें भी विकास कार्यों में शामिल हैं। धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण भी कराया गया। रामलीला मैदान का सौंदर्यीकरण और जीर्णोंद्धार भी शामिल है।

    खबरें और भी

    एक तरफ विकास का यह दावा किया जा रहा है, दूसरी तरफ विपक्ष इसे खारिज कर रहा है। विपक्ष का मानना है कि जो बदहाली पहले थी वह अभी भी है। अंतिम छोर के व्यक्ति को विकास का लाभ नहीं मिला। पीएम आवास के लिए लोग अभी भी भटक रहे हैं।

    जबकि विधायक मानते हैं कि उन्होंने विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और देखना यह है कि जनता का रुख क्या रहता है।

    करोड़ों रुपये से बनीं सड़कें

    विकास कार्यों के लिए हमने अपना पूरा समय दिया है। सबसे बड़ी समस्या सड़कों की थी, करोड़ों रुपये सड़कों पर खर्च किए गए हैं। जिन गांवों के रास्ते दुर्गम थे उन पर चलने में लोगों को परेशानी होती थी, वे सभी रास्ते दुरुस्त कराए गए। सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। तकनीकी शिक्षा के लिए कलिंजर में आईटीआई का निर्माण हुआ है

    तीन करोड़ 35 लाख की लागत से महिला थाना बनवाया गया है। इस थाने के लिए काफी पैरवी की गई। बस स्टैंड की वजह से अब लोगों को संतोषजनक सफर की सुविधा मिल रही है। जनता की मदद के लिए हम दिनरात उपलब्ध रहे हैं। मौका मिलेगा तो शेष बचा विकास कार्य भी कराएंगे। अहम बात यह है कि सभी काम पूर्ण पारदर्शिता के साथ हुए हैं।
    - सत्यपाल सिंह राठौर, विधायक अलीगंज

    विपक्ष की बात

    अलीगंज विधानसभा क्षेत्र विकास के लिए आज भी तरस रहा है। जो सड़कें बनवाई जा रहीं हैं वे गुणवत्ताविहीन हैं और जल्दी टूट रही हैं। सत्तारूढ़ पार्टी कितना भी विकास का दावा करती रहे, लेकिन यह दावे खोखले ही हैं। शिक्षा के साधन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी नगण्य हैं। किसानों की आय दोगुनी करने की बात की जा रही है, लेकिन यहां तो किसानों का उत्पीड़न ही हुआ है

    बिना पैसे दिए लोगों के काम नहीं हो रहे। रोजगार के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं कराए गए। बेरोजगारी क्षेत्र की बड़ी समस्या है। लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में अपराध भी नहीं थमे। विकास कार्यों का जितना ढिढ़ौरा पीटा जा रहा है, वास्तविकता में वह खोखला है।
    - परवेज जुबैरी, सपा जिलाध्यक्ष

    अलीगंज विधानसभा क्षेत्र

    • 317608 कुल मतदाता
    • 177637 पुरुष मतदाता
    • 139967 महिला मतदाता