विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा: मिलावटी दूध पीने से पिता-पुत्र की हालत बिगड़ी, सैफई में चल रहा मासूम का इलाज

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 08 Sep 2026 09:28 PM (IST)

एटा में मिलावटी दूध पीने से एक पिता और उसके डेढ़ साल के बेटे की तबीयत बिगड़ गई। पिता की ...और पढ़ें

सैफई पीजीआई में भर्ती मासूम।

सैफई पीजीआई में भर्ती मासूम।

जागरण संवाददाता, एटा। मिलावटी दूध कितना खतरनाक हो सकता है, इसका उदाहरण एटा में सामने आया है। जहां दूध पीते ही पिता और मासूम बेटे की हालत बिगड़ गई। दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पिता की हालत में सुधार है, वहीं बच्चे को सैफई पीजीआई ट्रांसफर किया गया है।

नया गांव थाना क्षेत्र के रामनगरिया आशाराम गांव में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दूध पीने से डेढ़ साल के मासूम की तबीयत बिगड़ गई। उसी दूध को पीने के बाद उसके पिता को भी उल्टियां होने लगीं। स्वजन दोनों को उपचार के लिए मैनपुरी जिला अस्पताल ले गए।

हालत गंभीर होने पर मासूम को सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। गांव निवासी उपेंद्र का डेढ़ साल का बेटा रितुल घर के आंगन में खेल रहा था। उपेंद्र ने उसे दूध पिलाया। मासूम ने कुछ दूध पीने के बाद छोड़ दिया

दूध पर शक होने पर उपेंद्र ने भी उसे पी लिया। कुछ देर बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और बच्चे की तबीयत भी बिगड़ गई। स्वजन पहले उसे गांव के चिकित्सक के पास ले गए, जहां से मैनपुरी ले जाने की सलाह दी गई। स्वजन ने बताया कि मैनपुरी जिला अस्पताल में उपचार के बाद हालत चिंताजनक होने पर बच्चे को सैफई भेज दिया गया।

बच्चे के ताऊ विनय ने बताया कि मैनपुरी में चिकित्सकों ने दूध में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई। स्वजन ने घर में रखे दूध और सब्जी में जहर मिलाने का आरोप लगाया है।

थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दूध पीने से पिता-पुत्र की तबियत बिगड़ने की जानकारी मिली थी, इसके बाद गांव में पुलिस टीम गई। वहां पर धान में लगाने वाली दवा की शीशी मिली थी, दूध के साथ कीटनाशक का भी सेंपल लेकर रख लिया गया है, इसको जांच के लिए भेजा जाएगा। बच्चे का सैफई में इलाज चल रहा है और वह स्वस्थ है।