Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रात के सन्नाटे में मकान से आती थी खटखट की आवाज, खबर मिलते ही पहुंची पुलिस तो खुल गया खेल

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 09:24 PM (GMT+05:30)

    पुलिस ने 'ऑपरेशन आयुध' के तहत एटा के अलीगंज में एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया, जहां से दो तैयार तमंचे और भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पुलिस ने 'ऑपरेशन आयुध' के तहत अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी।

    2. मौके से दो तैयार तमंचे, एक अधबना तमंचा, कारतूस बरामद।

    3. आरोपी सुधीर कुमार पहले भी अवैध शस्त्र मामले में जेल गया था।

    जागरण संवाददाता, एटा। आगामी चुनावों और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस की ओर से आपरेशन आयुध चलाया जा रहा है। इसी के तहत अलीगंज पुलिस ने शनिवार रात एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का पर्दाफाश किया है।

    आरोपित मौके पर तमंचे बनाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो तैयार तमंचे, एक अधबना तमंचा, एक कारतूस और तमंचा बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण और सामग्री बरामद की है। पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

    अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि हाल के दिनों में अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ में तमंचा निर्माण की जानकारी मिली थी।

    इसी आधार पर पिछले दस वर्षों में अवैध शस्त्र फैक्टरी के मामलों में जेल जा चुके व प्रकाश में आए लोगों को चिह्नित कर चार और पांच जुलाई की रात विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान थाना अलीगंज पुलिस ने गांव गेवर असदुल्लापुर निवासी सुधीर कुमार के ठिकाने पर दबिश दी, जहां वह अवैध तमंचे तैयार करते हुए पकड़ा गया।

    तलाशी के दौरान मौके से दो बने हुए और एक अधबना तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस 315 बोर, नौ तमंचों की नाल, नौ पैंदी वाले हिस्से, ट्रिगर समेत हथियार बनाने उपकरण और अन्य सामग्री भारी मात्रा में बरामद की है।

    पहले भी जेल जा चुका है आरोपी

    पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2019 में भी अवैध शस्त्र फैक्टरी संचालित करने के आरोप में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद बीमारी के कारण उसने यह काम बंद कर दिया था, लेकिन करीब तीन-चार माह पहले बदायूं निवासी दीपक उर्फ प्रदीप के कहने पर दोबारा तमंचे बनाने शुरू कर दिए। उसने अब तक चार-पांच तमंचे उसे दिए हैं। हथियार बनाने का सामान एटा की लोहा मंडी और फर्रुखाबाद से खरीदकर लाता था।

    खबरें और भी

    आरोपित पुराने खराब तमंचों की मरम्मत भी करता था और तैयार हथियार एटा सहित आसपास के जिलों में बेचकर अवैध कमाई करता था। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

    एएसपी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाना है। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।