एटा में 60 लाख की हेराेइन बरामद, पुलिस की घेराबंदी देख कार छोड़ भागे तस्कर
एटा में आगरा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने एक कार से 60 लाख रुपये की हेरोइन जब्त ...और पढ़ें

एटा में पकड़ी गई तस्करों की कार।
जागरण संवाददाता, एटा। आगरा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और एटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार रात 10 बजे एक कार से 60 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर कार सवार तस्कर सकीट क्षेत्र में बीच रास्ते वाहन छोड़कर खेतों के रास्ते भाग गए। आगरा की टीम इलेक्ट्रानिक्स सर्विलांस के जरिए कार का पीछा कर रही थी।
एटा में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के नेतृत्व में भी पुलिस टीम तस्करों के पीछे लगी थी। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आगरा एएनटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कार्पियो एन से हेरोइन की सप्लाई कासगंज के रास्ते मथुरा की ओर होनी है। सूचना के आधार पर टीम इलेक्ट्रानिक्स सर्विलांस के जरिए कार की निगरानी कर रही थी।
टीम को कार में सवार लोगों की संख्या और उनकी गतिविधियों की जानकारी भी मिल रही थी। तस्करों ने एटा-अवागढ़ का रास्ता चुना तो आगरा की टीम ने इस मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी। तस्करों को पुलिस की सक्रियता का अंदेशा हुआ तो उन्होंने रास्ता बदल दिया। कार एटा से अवागढ़ की ओर बढ़ी, लेकिन चेकिंग देखकर चालक वापस लौट गया। इसके बाद कार मलावन टोल प्लाजा की ओर पहुंची।
यहां भी पुलिस की घेराबंदी देखकर चालक ने यूटर्न लिया और कच्चे रास्ते से सकीट क्षेत्र में अंगदपुर की ओर वाहन मोड़ दिया। इस बीच एटा पुलिस भी सक्रिय हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम कार का पीछा कर रही थी। सकीट क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग और घेराबंदी देखकर तस्कर वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें हेरोइन बरामद हुई।
बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में मथुरा के बद्री नगर निवासी अलीम और सोहेल के नाम सामने आए हैं। पुलिस कार के पंजीकरण के आधार पर भी आरोपितों की पहचान और उनके ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि हेरोइन बरामदगी के बाद भागे तस्करों की गिरफ्तारी को टीमें लगी हुई है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस तस्करों के पूरे नेटवर्क को भी खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।