विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में बारिश के बीच भरभराकर ढह गई दुकान, मलबे में दबा दुकानदार

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 05 Sep 2026 07:22 PM (IST)

एटा में लगातार बारिश के कारण नगर पालिका के पास एक दुकान ढह गई, जिसमें दुकानदार मलबे में दब गया। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, एटा। जिले में कई दिनों से हो रही वर्षा के कारण शनिवार सुबह नगर पालिका के पास एक दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय दुकानदार दुकान के अंदर मौजूद था और मलबे में दब गया। दुकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

लोगों ने किसी तरह मलबा हटाकर दुकानदार को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। शनिवार सुबह करीब 11 बजे नगर पालिका कार्यालय के पास आदित्य कुमार निवासी शिकोहाबाद रोड फोटो स्टेट करने की चलाता है। बताया गया कि लगातार वर्षा होने के कारण दुकान का ढांचा कमजोर हो गया था

दुकान गिरने से उसके अंदर मौजूद दुकानदार मलबे में दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने हाथों से मलबा हटाकर दुकानदार को बाहर निकाला। समय रहते उसे बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर वर्षा हो रही है। शनिवार को भी सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में वर्षा होती रही। लगातार वर्षा के कारण जहां लोगों को जलभराव और आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं मौसम सुहावना बना हुआ है। उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है।

वर्षा के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान कम होने के कारण दिन में गर्मी का असर कम रहा। 

मौसम विज्ञानी रवींद्र सिंह ने बताया कि जिले में अभी मौसम में बदलाव बना हुआ है। बादलों के कारण तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो रही है। वर्षा होने से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले कुछ समय तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।