एटा में स्कूल बस हादसे में एलकेजी छात्रा की मौत, डीएम ने डीआइओएस, बीएसए, एआरटीओ को दिया नोटिस
एटा में स्कूल बस से उतरते समय एलकेजी छात्रा की मौत के मामले में जिलाधिकारी ने डीआइओएस, बीएसए और एआरटीओ ...और पढ़ें

स्कूल बस के नीचे आई छात्रा के बाद मौके पर जुटी भीड़।
जागरण संवाददाता, एटा। अवागढ़ थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व एलकेजी की छात्रा की स्कूल बस से उतरते समय हुई मौत के मामले में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने डीआइओएस डा. इंद्रजीत, बीएसए अनुपम अवस्थी और एआरटीओ शिवम यादव को नोटिस दिया है। दूसरी तरफ मामले की जांच विभिन्न स्तरों से जारी है।
स्कूल बस से उतरते समय छात्रा की मौत पहिए की चपेट में आने से हो गई थी। यह छात्रा एलकेजी में पढ़ती थी। अभी तक मृतक के स्वजन ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। दूसरी तरफ जिलाधिकारी ने डीआइओएस, बीएसए और एआरटीओ को नोटिस जारी करके पूछा है कि अब तक क्या कार्रवाई हुई।
दूसरी तरफ एआरटीओ ने अपनी प्रारंभिक जांच में पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि बस की चैकिंग पूर्व में की गई थी, उस समय फिटनेस सहित सभी कागजात दुरुस्त पाए गए, परिचालक भी बस पर मौजूद था। मगर अब बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन परिचालक नहीं था। इस प्रकरण को लेकर प्रशासन गंभीर रुख अपनाए हुए है।
हादसे को लेकर कोई मुकदमा अभी दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। यह भी पता चला है कि स्कूल वाहन चैकिंग के लिए बड़ा अभियान चलाया गया था और जिलेभर में वाहनों की चैकिंग की गई थी, जिन वाहनों की फिटनेस सही नहीं थी उन वाहनों को नियमानुसार कागजात पूरे करने के निर्देश दिए गए थे।
अभियान के दौरान कई वाहनों पर कार्रवाई भी की गई। एआरटीओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं बीएसए का कहना है कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
