इटावा: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से टकराई कार , महिला की मौत; तीन घायल
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार उससे टकरा गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की भीषण टक्कर।
हादसे में एक महिला सकीना बानो की मौत।
तीन लोग घायल, दो सैफई अस्पताल रेफर।
जागरण संवाददाता, इटावा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 278 के पास शनिवार सुबह आगे चल रहे ट्रक के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार में सवार लोग झांसी के थाना कोतवाली मुहल्ला अलीबुल निवासी बताए गए हैं जो बरेली जा रहे थे। चैनल नंबर 278 के पास आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
इसी दौरान पीछे से आ रही कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सकीना बानो की मौत हो गई, जबकि रिहाना बानो, जमाल और फिरोज घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जमाल और फिरोज की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सैफई के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।