'सैफई सिंडिकेट से पाइए मुक्ति, आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी', इटावा में सपा पर योगी का निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा में सपा और सैफई सिंडिकेट पर जमकर निशाना साधा, परिवारवाद व भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, इटावा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नुमाइश मैदान में सपा को निशाने पर रखा। कहा-इन समाजवादियों ने डाक्टर लोहिया को भी नहीं छोड़ा, दलित महापुरुषों का अपमान किया।
पहले विरासत का अपमान होता था। नौजवान की नौकरी पर डकैती पड़ती थी। बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित नहीं महसूस करती थीं। आज इटावा हर ओर से जंक्शन बन रहा है, इसके लिए डबल इंजन सरकार को मजबूती देने की जरूरत है। सैफई सिंडिकेट से मुक्त होइए। आने वाली पीढ़ियां आपका नाम याद रखेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी को जमीन से जुड़े समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने आगे बढ़ाने का काफी प्रयास किया लेकिन परिवारवाद, वंशवाद एवं सैफई सिंडिकेट ने सब बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि बबुआ 12 बजे सोके उठते थे, दो बजे तैयार हो पाते थे। पांच बजे जिम चले जाते थे, शाम को महफिल जम जाती थी। नौकरी निकलने पर चाचा-भतीजे की जोड़ी निकल पड़ती थी।
हर जिले में गुंडे-माफिया पैदा कर दिए गए थे, आज विकसित उत्तर प्रदेश बन रहा है। इटावा के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया। अपने 32 मिनट के भाषण में उन्होंने अखिलेश यादव और चाचा भतीजे पर ही प्रहार किया। कांग्रेस, बसपा अथवा अन्य किसी राजनीतिक दल के बारे में बात नहीं की। विकास की इस यात्रा में इटावा की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से आए लोगों का सहयोग भी मांगा।
मुख्यमंत्री ने 604 करोड़ की 128 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सरकार की योजनाएं बताईं। कहा कि हमारी सरकार विकास में भेदभाव नहीं करती। 75 के 75 जिले हमारे लिए बराबर हैं। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होने देंगे। यूपी अब बीमारू राज्य नहीं। हमारी सरकार के लिए चार ही जातियां हैं। गरीब, युवा, महिलाएं और किसान।
खबरें और भी
'आज प्रदेश में चल रहा उत्सव'
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में न उपद्रव है, न कर्फ्यू है अब उत्सव चल रहा है। जहां पूर्व में लोग यूपी वालों से दूरी बनाते थे तो वहीं अब नजदीकियां बढ़ाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैफई सिंडिकेट ने वंशवाद व जातिवाद में धकेल दिया था। प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। नौजवान को नौकरी नहीं मिलती थी। इस सिंडिकेट से मुक्ति पाइए। हमारा प्रदेश अब भारत की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। शिक्षकों को कैशलैस की सुविधा दी जा रही है। आज मंदिरों के सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है। 2017 के पहले यह धन कब्रिस्तानों में लगता था।
इटावा के युवाओं को मिली पहचान- योह
कहा कि पहले कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे, कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन नहीं होने देते थे, दंगे शुरू हो जाते थे। नौ साल में कोई दंगा नहीं हुआ। आज बेटियां सुरक्षित हैं। व्यापारी भयमुक्त हैं। सुरक्षा में सेंध लगाने वाले जेल या जहन्नुम में जा रहे हैं। सैफई की वजह से इटावा मैनपुरी बदनाम होता था। आज इटावा के युवाओं को प्रदेश में पहचान और सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय बनाया था, अखिलेश यादव को देखने की फुर्सत नहीं थी। हमने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल व बच्चा अस्पताल दिया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे बनाया, ताखा में औद्योगिक कॉरिडोर बनेगा, लिंक एक्सप्रेसवे से इटावा को जोड़ा जाएगा। चंबल नदी पर सिग्नेचर ब्रिज बन रहा है। उन्होंने जय श्रीराम के उदघोष के साथ भाषण का समापन किया। जनसभा से पहले उन्होंने सरकारी विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री बेबीरानी मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा रामकिशोर साहू, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह, सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता अन्नू, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर CM योगी का जलवा तो पोस्ट डालने में मोहन यादव आगे, मुख्यमंत्रियों का डिजिटल राजनीति का 'पावर गेम'