इटावा में रोडवेज कंडक्टर के घर शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जला
इटावा की शिव विहार कॉलोनी में बुधवार रात एक रोडवेज कंडक्टर के मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से गृहस्थी का सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कुछ जे ...और पढ़ें

HighLights
शॉर्ट सर्किट से रोडवेज कंडक्टर के घर में आग लगी।
गृहस्थी का सामान, दस्तावेज और जेवर जलकर नष्ट हुए।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता मांगी है।
जागरण संवाददाता, इटावा। शिव विहार कालोनी में बुधवार रात एक रोडवेज कंडक्टर के मकान में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। आग लगने से गृहस्थी का सामान, जरूरी कागजात और कुछ जेवर जलकर गए। घटना में तीन लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
शिव विहार कालोनी निवासी सौदान सिंह इटावा डिपो में रोडवेज कंडक्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में थे, तभी अचानक मकान की पहली मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन घबरा गए। परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिस पर मुहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर बाल्टियों और पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग नीचे की मंजिल तक फैल सकती थी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
आग लगने से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर, दो कूलर, पानी की टंकी घरेलू उपयोग का सामान और कई जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा कुछ जेवर भी आग की भेंट चढ़ गए।
सौदान सिंह ने बताया कि आग से करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर बिजली के शार्ट सर्किट को माना जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। घटना के बाद कालोनी में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही।