इटावा में ह्रदयविदारक घटना; बेटा चला गया तो मां भी न रुकी... अंतिम संस्कार की राख ठंडी होने से पहले ही मां की टूटीं सांसें
इटावा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बेटे पवन तिवारी के निधन के सदमे से मां सरला देवी ...और पढ़ें

HighLights
इटावा में बेटे पवन तिवारी की मौत के बाद मां का निधन
अंतिम संस्कार के तुरंत बाद मां सरला देवी ने दम तोड़ा
बेटे की बीमारी, मां को हार्ट अटैक, परिवार में शोक
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा में एक ह्रदयविदारक घटना सामने आई है। बेटे की मौत का सदमा मां बर्दाश्त न कर सकी। अंतिम संस्कार की राख ठंडी होने से पहले मां की मौत हो गई।
मेहरा चुंगी स्थित कटरा शमशेर खान रोड निवासी 42 वर्षीय पवन तिवारी के बुधवार को निधन के बाद परिवार अभी अंतिम संस्कार से लौटकर घर पहुंचा ही था कि उनकी 70 वर्षीय मां सरला देवी ने भी गुरुवार को सदमे में दम तोड़ दिया। मां-बेटे की मौत से परिवार में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मूल गांव आनेपुर में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पवन तिवारी पुत्र डा. कमल तिवारी कुछ समय से पेट की बीमारी से ग्रसित थे। उनका निधन होने के बाद स्वजन अंतिम संस्कार के लिए गए थे। अंतिम संस्कार कर परिजन जब घर लौटे तो वहां मां सरला देवी की भी मौत की खबर मिली। बताया गया कि सरला देवी को हार्ट अटैक आया था। बेटे की मौत के कुछ ही समय बाद मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पवन तिवारी मूलरूप से महेवा क्षेत्र के आनेपुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में इटावा के मेहरा चुंगी स्थित कटरा शमशेर खान रोड पर रह रहे थे। वह महेवा के लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता रामशंकर तिवारी उर्फ दादा के नाती थे। पवन अपने पीछे पत्नी बीनू और दो पुत्र सागर व सोम को छोड़ गए हैं।
पवन तीन भाइयों में मझले थे। उनके बड़े भाई पीयूष तिवारी और छोटे भाई मोनू तिवारी हैं। मां-बेटे के निधन की सूचना आनेपुर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने परिवार के घर पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की।
