घर में PNG गैस चाहिए? इटावा में 90 दिन के अंदर कनेक्शन, डॉक्यूमेंट से फीस तक पूरी प्रक्रिया जानें
इटावा में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच पाइप नैचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपभोक्ताओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। टोरेंट गैस द्वारा शहर के लाइनपार क्षे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, इटावा। गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच उपभोक्ताओं के लिए पाइप नैचुरल गैस (पीएनजी) का कनेक्शन एक वरदान साबित हो रहा है। शहर के लाइनपार क्षेत्र में पहले से ही ग्राहकों को पीएनजी की सप्लाई मिल रही है, मुख्य शहर के कुछ वार्डों में इसकी लाइन बिछने के बाद कनेक्शन देने का काम शुरू हो गया है। हालांकि वीआईपी क्षेत्रों में पीएनजी की लाइन पहुंचने में थोड़ा और समय लग सकता है।
इटावा और औरेया जनपद में पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति व कनेक्शन के लिए केंद्र सरकार ने अहमदाबाद की टोरेंट गैस को अधिकृत किया हुआ है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने दैनिक जागरण को बताया कि फिलहाल कंपनी ने लाइनपार क्षेत्र में अपना नेटवर्क बिछाने के बाद अब मुख्य शहर में लाइन बिछाने और कनेक्शन देने की शुरुआत कर दी है। वार्ड के हिसाब से लाइन बिछाई जा रही है।
मिलती है 24 घंटे 365 दिन आपूर्ति
पीएनजी गैस की आपूर्ति कनेक्शन धारकों को 365 दिन और 24 घंटे लगातार मिलती है। इसलिए ग्राहकों को गैस के बंद होने या खत्म होने की चिंता नहीं होती है। कंपनी जहां जहां अभी लाइन बिछा रही है, वहां पर लोगों को कनेक्शन देने का काम साथ के साथ शुरू कर रही है।
लाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम तेज
पक्का बाग, कटरा फतेह महमूद खां, मेहरा चुंगी, करमगंज, बस स्टैंड तिराहा, गुरुतेग बहादुर फ्लाइओवर पर काजी पेट्रोल पंप, मकसूदपुरा, रामलीला रोड, गाड़ीपुरा आदि वार्डों में पीएनजी की लाइन बिछ गई है और कनेक्शन दिए जा रहे हैं। बाकी शहर में भी लाइन बिछ रही है लेकिन इसमें समय लग रहा है क्योंकि अगर एक किलोमीटर भी लाइन को चालू किया जाता है तो उस परिधि में स्थित सभी गलियों तक में लाइन को चालू करना होता है, इसलिए काम की गति प्रगति पर है।
खबरें और भी
ये हैं वीआईपी वार्ड
शहर के वीआईपी वार्डों जैसे कि चौगुर्जी, मैनपुरी फाटक, पक्का तालाब आदि मोहल्लों में पीएनजी की सप्लाई जल्द शुरू होने की संभवाना है। सिविल लाइंस लुहन्ना चौराहा, इंजीनियरिंग कालेज और पुलिस लाइन जैसे मुहल्लों में पीएनजी की लाइन पहुंचने में थोड़ा और समय लग सकता है। जबकि जसवंतनगर, बकेवर जैसे कस्बों में भी पीएनजी की लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भी पाइप गैस की सुविधा का लाभ मिल सके।
रजिस्ट्रेशन कराने के तीन महीनों के बाद चालू होता है कनेक्शन
टोरेंट गैस के मार्केटिंग मैनेजर ने बताया कि रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उपभोक्ता के घर का सर्वे होता है और लाइन को घर के अंदर बिछाने, मीटर लगाने और चालू करने के लिए 90 दिन का समय कंपनी ने तय किया है। कंपनी अपनी तरफ से इतने दिनों में सप्लाई शुरू करने का प्रयास करती है।
590 रुपये में रजिस्ट्रेशन
फिलहाल ग्राहकों से 590 रुपये रजिस्ट्रेशन के तौर पर लिए जा रहे हैं। एकमुश्त रकम 6090 रुपये है जिसमें 5500 रुपये रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि है। किस्तों पर लेने पर एकमुश्त रकम बढ़कर 7090 रुपये हो जाएगी जो बिल में जुड़कर आएगी। पीएनजी का बिल हर दो माह में एक बार आता है, यानी 12 महीनों में 6 बिल आएंगे, जिसका भुगतान नकद या ऑनलाइन तरीके से कस्टमर कर सकता है। फिलहाल कंपनी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से 49.50 रुपये प्रति यूनिट चार्ज कर रही है।
टोरेंट गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन ने बैठक की है जिसमें शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पाइप लाइन बिछाने के लिए कहा गया है। पूरे शहर में पीएनजी का जाल बिछ जाएगा तो इससे उपभोक्ताओं को सुविधा होगी।
शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी