इटावा के ईदगाह तिराहे पर दो कार रिपेयरिंग की दुकानों में भीषण आग, एक घंटे तक उठती रहीं लपटे, सब जलकर राख
इटावा में ईदगाह तिराहे पर दो कार रिपेयरिंग की दुकानों में भीषण आग लग गई। दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन लाखों का ...और पढ़ें

HighLights
इटावा में कार रिपेयरिंग की दुकानों में भीषण आग
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आगजनी से 20 लाख के नुकसान की आशंका
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा शहर के ईदगाह तिराहा पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो कार रिपेयरिंग की दुकानों में आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
कार के टायर और ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुए धमाकों से इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने एसएसपी रोड को पूरी तरह रोककर यातायात डायवर्ट कर दिया है।
शहर के मेवाती टोला निवासी अनीश की ईदगाह तिराहे पर कार रिपेयरिंग की दुकान हैं। उनके बगल में राजेश की भी दुकान है। बताया जा रहा है कि शाम 8 बजे अचानक दुकानों के भीतर से धुआं उठने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, लपटों ने विकराल रूप ले लिया। दुकानों में रखा रिपेयरिंग का सामान, मशीनरी और ग्राहकों और कबाड में खड़ी करीब आधा दर्जन गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गई।
दोनों दुकानों के भीषण आग पकड़ लेने से बेल्डिंग के लिए दुकानों में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ कारों के टायर जलने से एक के बाद एक फटने लगे। जिसके धमाकों से लोगों में अफरा तफरी मच गई।सिविल लाइंस, थाना कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हुईं। आग बुझाने के लिए एक-एक कर दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया।
शहर के मुख्य मार्ग पर आगजनी से पुलिस बल ने वाहनों और भीड़ को नियंत्रित किया और करीब एक घंटे तक चले बचाव कार्य के बाद आग को और फैलने से रोका गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पानी और फोम आदि डालकर आग ओर काबू पाया। आगजनी से 20 लाख के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।