विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में 6 जिलों में चोरी करने वाले ‘पंखिया गैंग’ के छह सदस्य गिरफ्तार, पुलिस टीम पर की फायरिंग

Published: Tue, 22 Sep 2026 02:18 PM (IST)

इटावा पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी करने वाले 'पंखिया गैंग' के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुलिस टीम ...और पढ़ें

HighLights

  1. इटावा पुलिस ने अंतरजनपदीय 'पंखिया गैंग' के छह सदस्य पकड़े।

  2. आरोपितों ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।

  3. सोना, चांदी, नकदी, हथियार और वाहन सहित चोरी का माल बरामद।

जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी करने वाले ‘पंखिया गैंग’ के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने सोमवार की रात ग्वालियर बाइपास रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के बाद सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इनके कब्जे से 135.77 ग्राम सोना, 1.321 किलो चांदी के बिस्किट, 307.420 ग्राम चांदी के आभूषण, 32,250 रुपये नकद, दो तमंचे, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक्सयूवी-500 कार और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इकदिल क्षेत्र में छह-सात अगस्त की रात हुई चोरी के मामले में आरोपितों की तलाश की जा रही थी। एसओजी, सर्विलांस और इकदिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम मंगलवार रात ग्वालियर बाइपास रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आ रही एक्सयूवी-500 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने इकदिल की चोरी के साथ ऊसराहार क्षेत्र के कौवा स्थित गायत्री सत्यपीठ में हुई चोरी में भी संलिप्तता बताई है। इसके अलावा भरतपुर (राजस्थान) और हरदोई सहित छह जिलों में चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है। संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क कर सत्यापन कराया जा रहा है।

ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य हाईवे और मुख्य मार्गों के आसपास गांवों में मकानों को चिह्नित करते थे। रात में वाहन से सदस्यों को घटनास्थल के पास उतारा जाता था। घर में घुसने वाले सदस्य चेहरा कपड़े से ढक लेते थे। छत तक पहुंचने के लिए एक-दूसरे के कंधे और शरीर का सहारा लेते थे। जरूरत पड़ने पर घर में मौजूद साड़ी या कपड़े से भी ऊपर चढ़ते थे। एक सदस्य बाहर रहकर निगरानी करता था। चोरी के बाद सभी निर्धारित स्थान पर एकत्र होकर वाहन से निकल जाते थे।

पुलिस ने बताया कि चोरी के माल का आपस में बंटवारा किया जाता था और उसे बेचने के लिए सुनार से संपर्क किया जाता था। गिरफ्तार आरोपितों में रमेश कश्यप, मुनीश कुमार जाटव उर्फ त्यागी, वसीम, मुकद्दर अली उर्फ पंखिया, इरफान अहमद उर्फ बौरा और अनीस अहमद सभी निवासी बदायूं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कई आरोपितों पर अलग-अलग जिलों में चोरी, गिरोहबंदी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इकदिल थाने में आरोपितों के खिलाफ चोरी और पुलिस टीम पर फायरिंग समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।