Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इटावा में आगरा–कानपुर हाईवे पर बदमाशों का आतंक, पेट्रोल पंप व ढाबे पर की लूट, नकदी, मोबाइल और रायफल लूटकर फरार

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 07:18 PM (IST)

    जसवंतनगर में आगरा-कानपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप और ढाबे पर चार बदमाशों ने हमला कर दिया। उन्होंने कर्मचारियों से मारपीट की, सीसीटीवी कैमरे तोड़े और नक ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, जसवंतनगर(कानपुर)। आगरा–कानपुर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप व ढाबे पर मंगलवार रात चार बदमाशों ने हमला कर नगदी, मोबाइल फोन और रायफल लूट ली। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित ने थाना जसवंतनगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    ग्राम नगला भिखन निवासी राजीव कुमार पुत्र स्व.कामता प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वह आगरा–कानपुर मार्ग पर ग्राम मलाजनी के पास स्थित अपने फौजी ढाबा व पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। उसी दौरान चार अज्ञात युवक मुंह बांधे और पगड़ी पहने हुए होटल पर पहुंचे। उनके हाथों में तलवार, फरसा और लोहे की रॉड जैसे धारदार हथियार थे।


    बताया गया है कि हमलावरों ने पहले ढाबे पर कर्मचारियों से खाना पैक कराने के लिए कहा। कर्मचारियों ने खाना पैक कर उन्हें दे दिया और जब पैसे मांगे तो दबंगों ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।

    पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गद्दी में रखी नगदी, दो मोबाइल फोन, एक रायफल और उसके कारतूस लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर अपने वाहन से जसवंतनगर की ओर भाग निकले।

    खबरें और भी

    घटना के बाद पीड़ित ने अपने भतीजे भाजपा नेता विवेक शाक्य को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।