यूपी में 60+ उम्र की महिलाएं रोडवेज बसों में करेंगी मुफ्त यात्रा, सफर पर जाने से पहले साथ रखें ये जरूरी दस्तावेज
उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं रोडवेज बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी, जिसके लिए दो जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
60+ आयु की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा।
आधार या वोटर आईडी कार्ड दिखाकर मिलेगी सुविधा।
रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को 27-29 अगस्त तक मुफ्त यात्रा।
जागरण संवाददाता, इटावा। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं रोडवेज बसों में आजीवन निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी। बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विकास भवन के प्रेरणा सभागार में देखा गया, जहां उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। महिलाएं 27 अगस्त की सुबह से लेकर 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक एक सहयात्री के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इन दस्तावेजों को हमेशा रखना होगा साथ
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की सभी महिलाएं वोटर आईडी कार्ड अथवा आधार कार्ड दिखाकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हमें अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर एवं वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन और उनके साहस, संघर्ष, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए महिलाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। 1500 महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष बिरला शाक्य, भाजपा नेता विवेक शाक्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आरएम कपिल देव, एआरएम वित्त मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बेटियां उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें- इटावा-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से लाया गया 500 किलो बदबूदार खोया, खाद्य विभाग ने कराया नष्ट
महिलाएं बोली
योगी जी जब से मुख्यमंत्री बनें हैं वह सारे कार्य अच्छे ही करते आ रहे हैं। ज्यादातर महिलाओं से जुड़े होते हैं। लेकिन 60 वर्ष की महिलाओं के लिए सरकारी बस फ्री करने की सुविधा बहुत बड़ी खुशखबरी है।- श्याम देवी
कार्यक्रम अच्छा रहा, किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। सभागार में बैठकर लखनऊ में चल रहा कार्यक्रम देखा। योगी जी का भाषण सुना अच्छा लगा। सरकारी बस फ्री करने से बहुत ज्यादा खुशी हो रही है।- रज्जो देवी
मुख्यमंत्री योगीजी का पूरा ध्यान महिलाओं, बेटियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर ही रहता है। लेकिन उम्रदराज महिलाओं के लिए रोडवेज बस फ्री करके उन्होंने अपना वादा भी निभाया है।- गीता देवी
रोडवेज बस उम्रदराज महिलाओं के लिए फ्री करने से महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें कहीं जानेे के लिए बस का ज्यादा किराया होने की चिंता नहीं सताएगी।- शारदा देवी
