विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान 9 कांवड़िए डूबे, 8 को सुरक्षित निकाला, 1 की तलाश जारी

Published: Sat, 15 Aug 2026 07:58 PM (IST)

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा में स्नान करते समय नौ कांवड़िए गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से आठ ...और पढ़ें

युवक की तलाश में जुटी टीम।

युवक की तलाश में जुटी टीम।

HighLights

  1. फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर नौ कांवड़िए गंगा में डूबे।

  2. आठ कांवड़ियों को गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

  3. लखीमपुर खीरी निवासी एक कांवड़िए पवन की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। इस समय जिले में गंगा नदी उफान पर हैं। लगातार तीसरे दिन गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 15 सेमी नीचे स्थिर है। ऐसे में सावन के तीसरे सोमवार पर शिवमंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ में जल भरने पांचाल घाट पर आए नौ कांवड़िया स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों की मदद से आठ को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। एक कांवड़िए की तलाश की जा रही है।

शनिवार को जनपद लखीमपुर खीरी के थाना क्षेत्र के मैगलगंज के गांव फतेहपुर निवासी 20 वर्षीय पवन कुमार अपने साथी कौशल, आकाश और मोहित के साथ गंगा के पांचालघाट पर कांवड़ में गंगा जल भरने आए थे। गंगा जल भरने से पहले चारों गंगा में स्नान करने लगे।

चारों गहरे पानी में डूबे

इस दौरान चारों गहरे पानी में डूबने लगे। शोरगुल सुनकर घाट पर तैनात गोताखोरों ने कौशल, आकाश व मोहित को बाहर निकाल लिया। पानी में डूबे पवन की तलाश की जा रही है। उसके कुछ ही देर बाद लखीमपुर खीरी के ही थाना क्षेत्र मैलानी के गांव गंगापुर निवासी 18 वर्षीय पुष्पेंद्र भारती, 16 वर्षीय दीपक, 15 वर्षीय जतिन भी कांवड़ में जल भरने से पहले स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने लगे।

गोताखोरों ने इन तीनों युवकों को भी बाहर निकाल कर पुलिस की सिपुर्द कर दिया। दो युवक और पानी में डूबने लगे थे। जैसे ही गोताखोरों ने उन्हें बाहर निकाला, तो वह स्वजन के साथ चले गए। पांचालघाट चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार ने बताया नौ युवा गंगा डूबे थे। आठ लोगों को गोताखोरों ने बचा लिया। सभी को स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- लखनऊ : राज हत्याकांड में फरार सावन गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने की बरामद

दो युवकों के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई थी। गंगा में डूबे युवक पवन की तलाश कराई जा रही है। बताते चलें कि इन दिनों फर्रुखाबाद में गंगा में बाढ़ आई हुई है। शनिवार को गंगा का जलस्तर समुद्र तल से 137.10 मीटर पर स्थित खतरे के निशान से 15 सेमी दूर 136.95 मीटर ऊंचाई पर स्थिर है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक नरौरा बांध से गंगा में 1,08,801 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।