Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वसंत पंचमी पर रामनगरिया में संतों की शोभायात्राओं में श्रद्धा की वर्षा, अबीर-गुलाल से खेली होली

    Updated: Fri, 23 Jan 2026 06:53 PM (IST)

    वसंत पंचमी पर फर्रुखाबाद के रामनगरिया माघ मेले में साधु-संतों की भव्य शोभायात्राएं निकलीं। वैष्णव संप्रदाय और जूना अखाड़े के संतों ने तलवारों से करतब ...और पढ़ें

    मेला रामनगरिया में जूना अखाड़ा क्षेत्र से निकली शोभायात्रा में शामिल साधु संत। जागरण

    मेला रामनगरिया में जूना अखाड़ा क्षेत्र से निकली शोभायात्रा में शामिल साधु संत। जागरण

    HighLights

    1. साधु-संतों ने तलवारों से दिखाए हैरतअंगेज करतब

    2. शोभायात्राओं में अबीर-गुलाल से खेली गई होली

    3. वैष्णव संप्रदाय क्षेत्र में पंचधूनी पूजा का शुभारंभ

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। वसंत पंचमी पर माघ - मेला रामनगरिया में निकली साधु-संतों की शोभा यात्राओं में हर ओर श्रद्धा की वर्षा हुई। वैष्णव संप्रदाय की शोभायात्रा में शंख, नगाड़े की ध्वनि गूंजी तो संतों ने शस्त्रों से करतब दिखाए। जूना अखाड़े की शोभायात्रा में अबीर-गुलाल की होली खेलकर लोग भक्तिभाव में सराबोर हो गए। शोभायात्रा में शामिल साधु - संतों का जगह - जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्राओं के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ।

    वैष्णव संप्रदाय क्षेत्र से शुक्रवार को भोलेपुर हनुमान मंदिर के महांत मोहनदास की अध्यक्षता में निकली शोभायात्रा में प्रमुख संत अनी व धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। शंख, नगाड़े की ध्वनि व बैंड की धुन पर साधु - संतों ने तलवार आदि शस्त्रों से करतब दिखाए तो श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। महांत विष्णुदास, जगदीश दास, फूलदास, संदीप दास, नारायण दास, उपेंद्र दास आदि शामिल हुए। जूना अखाड़ा क्षेत्र से महांत सत्यगिरि महाराज की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। बैंड पर बज रही भक्ति गीतों की धुन पर साधु-संतों व श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल से जमकर होली खेली। निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र से निकली शोभायात्रा में भी आस्था की बयार बही।

    शोभायात्राओं के परिक्रमा मार्ग पर भ्रमण के दौरान कल्पवासियों ने जगह-जगह संतों का स्वागत कर आशीर्वाद लिया। प्रशासनिक कार्यालय के सामने साधु - संतों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वापस क्षेत्र में पहुंचकर शोभायात्राओं के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

    23FKB_6_23012026_507.JPG

    वसंत पंचमी पर पांचाल घाट पर गंगा स्नान करते लोग। जागरण

    वैष्णव संप्रदाय क्षेत्र में शुरू हुई पंचधूनी पूजा

    वैष्णव संप्रदाय क्षेत्र में वसंत पंचमी के पर्व से पंचधूनी पूजा का शुभारंभ हुआ। संत सूरज दास, नीमसार के बाबा रामदास, राजीव दास, वृंदावन वाले मनोहर दास आदि संतों ने अनुष्ठान शुरू किया। व्यवस्था देख रहे हरीशंकर तिवारी ने बताया कि पंचधूनी पूजा अनुष्ठान 84 दिन तक चलेगा। इसके बाद खप्पर पूजा का अनुष्ठान शुरू होगा।

    लगाई आस्था की डुबकी, दिन भर चले धार्मिक अनुष्ठान

    माघ मेला रामनगरिया में वसंत पंचमी स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं ने भागीरथी में आस्था की डुबकी लगाई। दिन भर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। श्रद्धालुओं ने घाटों पर भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी, कन्याभोज कराकर दक्षिणा दी। कई श्रद्धालुओं ने मनौती पूरी होने पर मां गंगा का पूजन कर पहनावन की। कथा पंडालों में श्रीराम कथा व भागवत के स्वर गूंजे। मेला के बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।

    खबरें और भी

    23FKB_7_23012026_507.JPG

    पांचाल घाट पर गंगा में पहनावन करते श्रद्धालु। जागरण

    मनौती पूरी होने पर किया मां गंगा का पूजन, की गई पहनावन

    वसंत पंचमी पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का रात से ही पांचालघाट गंगा तट पर बसी अध्यात्म की नगरी में पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार को तड़के गंगा स्नान शुरू हुआ तो घाटों पर जय गंगा मइया, हर-हर गंगे के उद्घोष सुनाई देने लगे। भीड़ के चलते तीर्थ पुरोहित भी खासे व्यस्त नजर आए। कोई यजमान से गंगा मइया का पूजन करवा रहा तो कोई भगवान सत्यनारायण की कथा के लिए तैयारी करने में जुटा।

    घाटों पर सुनी भगवान सत्यनारायण की कथा, कराया कन्याभोज

    कहीं केले के मंडप में स्वजन के साथ बैठे लोग भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण कर रहे। कथा समापन पर कन्याभोज कराकर दक्षिणा दी तो पुरोहितों को भी भेंट दी गई। कई श्रद्धालु परिवार के साथ नौका विहार का आनंद ले रहे थे तो नाव पर बैठकर सेल्फी भी खींची जा रही थी। कल्पवास क्षेत्र में चल रही भागवत व रामकथा के पंडालों में भी कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। मेला के बाजारों में गृहउपयोगी सामान की जमकर खरीददारी की गई। वहीं मनोरंजन क्षेत्र में खेल-तमाशों व खानपान की दुकानों पर भी खासी भीड़ नजर आई। भीड़ के चलते पुलिस भी सतर्क रही। घाटों पर मौजूद पुलिस कर्मी स्नानार्थियों को गहरे पानी में न जाने की हिदायत दे रहे थे तो नाव पर गश्त कर रहे पुलिस कर्मी भी लोगों को समझाते दिखे।