विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘2017 से पहले सरकारी नौकरियों पर था सैफई सिंडिकेट का कब्जा’,सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

Published: Fri, 04 Sep 2026 01:38 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद में पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियों पर 'सैफई सिंडिकेट' का कब्जा था।

सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

HighLights

  1. 2017 से पहले नौकरियों पर 'सैफई सिंडिकेट' का कब्जा।

  2. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी चेतावनी।

  3. सरकार निष्पक्ष भर्ती और युवा उद्यमी योजनाएं चला रही।

डिजिटल डेस्क, फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले राज्य में नौकरियों और भर्ती प्रक्रियाओं पर सैफई सिंडिकेट का पूरी तरह से दबदबा था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।

फर्रुखाबाद में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब सरकारी भर्तियां बिना किसी भेदभाव और निष्पक्ष तरीके से की जा रही हैं।

सैफई सिंडिकेट पर आरोप

समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा, "2017 से पहले सरकारी नौकरियों की भर्ती पर सैफई सिंडिकेट का पूरा कब्जा था। स्थिति यह थी कि कोई इसके खिलाफ आवाज भी नहीं उठा सकता था और योग्य युवा केवल मूकदर्शक बने रह जाते थे।"

भ्रष्टाचार करने वालों को सख्त चेतावनी 

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, "अब कोई ऐसा नहीं कर पाएगा। यदि किसी ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की, तो उनके लिए जेल के दरवाजे खुले हैं। हम उन्हें जेल भेजेंगे और उनकी संपत्तियां जब्त करेंगे।"

रोजगार और सरकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने राज्य में युवाओं के लिए शुरू की गई 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना' और 'मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग' जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि निवेश का मतलब केवल उद्योग लगाना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार और स्वावलंबन प्रदान करना है।

बाढ़ की स्थिति का जायजा

फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता का आश्वासन देते हुए सीएम ने कहा कि सरकार बाढ़ का स्थायी समाधान खोजने के लिए काम कर रही है। साथ ही प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारा, टीकाकरण और दवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।