विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद के 44 इंटर कॉलेजों को मिलेंगी मोदी-योगी और संघ पर लिखीं पुस्तकें, सांसद निधि से खरीदी गईं किताबें

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:28 AM (IST)

फर्रुखाबाद के 44 इंटर कॉलेजों में सांसद मुकेश राजपूत की निधि से 22 लाख रुपये की लागत से मोदी, योगी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सांसद मुकेश राजपूत की निधि से 22 लाख की किताबें खरीदीं।

  2. फर्रुखाबाद के 44 इंटर कॉलेजों में मोदी-योगी पुस्तकें वितरित होंगी।

  3. छात्रों को मोदी-योगी के विकास कार्य और संस्कृति जानने का मौका।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग के 44 इंटर कॉलेजों के पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं को मोदी हैं तो मुमकिन है, मैं नरेन्द्र मोदी बोल रहा हूं, मोदी की गारंटी, योगी रामराज्य, कर्मयोगी सन्यासी, योगी आदित्यनाथ, मोदी-योगी का विजन-विकास की ओर उत्तर प्रदेश आदि किताबें पढ़ने को मिलेंगी।

ये किताबें सांसद मुकेश राजपूत ने अपनी निधि खर्च कर 22 लाख रुपये से खरीदी हैं। इनका वितरण सोमवार को राष्ट्रभाषा हिंदी एवं हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित कार्यक्रम में होगा। राष्ट्रभाषा हिंदी एवं हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक संस्कृति के उन्नयन के लिए सोमवार को पीएमश्री महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में सुबह 11:30 बजे पुस्तक वितरण होगा।

कार्यक्रम में जिले के 17 साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। जिन कालेजों में पुस्तकें दी जाएंगी, उनमें बढ़पुर ब्लॉक के 12, मोहम्मदाबाद क्षेत्र के 4, कमालगंज के 10, अमृतपुर क्षेत्र के 11 और नवाबगंज क्षेत्र के सात कालेज शामिल हैं। इनमें कुछ एडेड हैं तो कुछ वित्त विहीन।

किताबों में मेरी अवस्था भारत, सामाजिक समरसता, नरेन्द्र मोदी के प्रेरक विचार, गतिमान उत्तर प्रदेश, 5 वर्ष 100 दिन योगी सरकार, योगी जी के प्रेरक प्रसंग, अग्नि की उड़ान, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अग्रदूत पं दीनदयाल उपाध्याय समेत अन्य किताबें शामिल हैं।

प्रति विद्यालय के लिए आए दो पैकेटों में करीब 150 से 160 किताबें हैं। प्रति किताब की कीमत लगभग 400 से आठ सौ रुपये तक है। इन किताबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मोदी और योगी द्वारा देश के विकास के लिए किए गए कार्यों को जानने का अवसर मिलेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार कुमार बताया कि सांसद निधि के प्रस्ताव पर उनकी निधि से जेम पोर्टल के माध्यम से किताबें खरीदी गई हैं।

यह भी पढ़ें- जिंदा मिलने की आस खत्म, बस शव मिल जाए... गंगा में डूबे 4 बेटों के लिए तड़प रहे शाहजहांपुर के ये परिवार