जीएसटी के छापे में दो गोदामों की 83 हजार किलो अघोषित तंबाकू सीज<br/>
जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) टीम ने कायमगंज में दो गोदामों पर छापा मारकर 83,000 किलोग्राम अघोषित तंबाकू जब्त की है। दोनों फर्मों को नोटिस जा ...और पढ़ें

कायमगंज के गांव कुबेरपुर स्थित तंबाकू गोदाम जहां हुई जीएसटी की जांच। जागरण
संवाद सहयोगी, कायमगंज (फर्रुखाबाद)। वस्तु एवं सेवा कर की विशेष अनुसंधान शाखा जीएसटी (एसआइबी) टीम ने गांव कुबेरपुर व गांव अताईपुर जदीद स्थित दो गोदामों पर छापा मारकर 83 टन अघोषित तंबाकू सीज की है।
संयुक्त आयुक्त संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे दो टीमें कायमगंज पहुंचीं।
एक टीम गांव कुबेरपुर में तंबाकू गोदाम पर छापा मारा। गांव के अंदर गोदाम होने से किसी को छापे की भनक नहीं लगी। अधिकारियों ने अपनी कारें भी गोदाम के अंदर ही खड़ी कर लीं एवं मेन गेट बंद कर लिया। इस दौरान किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया। गोदाम के बाहर अक्सा एंड ब्रदर्स टोबैको कंपनी नाम लिखा हुआ है।
दूसरी टीम गांव अताईपुर जदीद में मेसर्स लीफ्ट क्राफ्ट इंटरप्राइजेज की फर्म के गोदाम में पहुंची। इसके प्रोपराइटर फरहान है। वहां भी गोदाम बंद कर जांच की गई। संयुक्त आयुक्त ने बताया कि अक्सा एंड ब्रदर्स कुबेरपुर में 38 टन व लीफ्ट क्राफ्ट इंटरप्राइजेज अताईपुर के गोदाम में 45 टन अघोषित तंबाकू पाई गई, जिसे सीज कर दिया गया है।
दोनों फर्मों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में उप आयुक्त शैलेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त मनोज कुमार, दीपा सागर व अमित त्यागी, कर अधिकारी अशोक कुमार सिंह व विनोद गौड़ शामिल रहे। अक्सा एंड ब्रदर्स कंपनी के प्रोप्राइटर अब्दुल समीर का फोन लगाया गया, लेकिन काल काट दी गई।