Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Farrukhabad Sadar MLA Report Card:: विकास के कुछ काम हुए, पर जाम और स्वास्थ्य समस्याएं बरकरार

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 07:56 PM (IST)

    फर्रुखाबाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है, जिसमें सड़कों और पेयजल में सुधार दिखा, लेकिन रिंग रोड, ओवरब्र ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. फर्रुखाबाद सदर विधानसभा से मेजर सुनील दत्त द्विवेदी हैं विधायक

    2. अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था कराने का सबसे बड़ा वादा अधूरा

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। 2022 के विधानसभा चुनाव के समय सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा किए गए वायदों के आधार पर पिछले पांच साल का उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है। मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने में कुछ ही महीने शेष रह गए हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव की तैयारियां होने लगीं तो लोगों में विकास कार्यों और विधायक द्वारा किए गए वादों की चर्चा तेज हो गई है।

    सड़क बिजली और पेयजल की व्यवस्था में सुधार दिखता है, लेकिन अभी भी कई मुहल्लों में बिजली के जर्जर तारों से होने वाले लोकल फाल्ट लोगों को परेशान कर रहे हैं। शहर के लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रिंग रोड और देवरामपुर क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनवाने, बिजली लाइनों के अंडरग्राउंड कराने और सीवेज परियोजना का वायदा अभी भी अधूरा है।

    ओवरब्रिज न बनने से लोगों को प्रतिदिन जाम से जूझना पड़ रहा है। सीवेज परियोजना न होने के कारण गंदगी और वर्षा के दिनों में जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सड़कें और पेयजल व्यवस्था में सुधार के अलावा सेल्फी प्वाइंट, झंडे, स्ट्रीट लाइटें दिखती हैं।

    शहर में बिजली व्यवस्था काफी खराब थी। जर्जर लाइनों के कारण 24 घंटे आपूर्ति होने के बावजूद अधिकांश बिजली लोकल फाल्ट निगल जाते थे। ऐसे में विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने चुनाव से पहले अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था कराने का सबसे बड़ा वादा किया था। विधायक का यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ, हालांकि रिवैंप योजना से शहर में 1693 किलोमीटर एरियल बंच कंडक्टर, तीन नये बिजली के फीडर बनवाए गए हैं।

    खबरें और भी

    विधायक के प्रयास से कादरीगेट से इटावा-बरेली हाईवे को जोड़ने वाले लकूला रोड का भी निर्माण कराया गया है। कैंट-पांचाल घाट रोड से स्वर्गधाम तक सड़क और उसके दोनों ओर नालियों के निर्माण के साथ ही प्रवेश द्वार व स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं। केंद्रीय विद्यालय, राजकीय विद्यालयों समेत कई ग्राम पंचायतों में ओपेन जिम भी लगी दिखती हैं। प्रत्येक ओपेन जिम पर 10.77 लाख रुपये खर्च आया है। विधानसभा क्षेत्र में बड़े चौराहों पर स्टील निर्मित यात्री प्रतीक्षालय भी बने दिखते हैं।

    विधायक निधि से ही बड़ा बजट स्ट्रीट लाइटों और वाटर कूलर पर भी खर्च किया गया है। कचहरी हो या फिर कृषि विभाग का कार्यालय वहां आरओ वाटर कूलर लगे दिखते हैं। विधानसभा क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के अलावा फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ शहर में भी कई सीसी रोड का निर्माण कराया गया है।

    विधानसभा क्षेत्र - फर्रुखाबाद सदर

    • कुल मतदाता - 278776
    • पुरुष- 150915
    • महिला - 127849
    • अन्य - 12

     

    तकनीकी कारणों से शहर की बिजली लाइन अंडरग्राउंड नहीं हो पाई है, लेकिन रिवैंप योजना के तहत बिजली व्यवस्था में सुधार कराया गया है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए देवरामपुर क्रासिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज स्वीकृत है। बजट मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। शहर में एक आडिटोरियम बनवाया जा रहा है। मेला रामनगरिया-पांचाल घाट, कादरीगेट से मसेनी तिराहे तक, आईटीआई से सेंट्रल जेल मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया है। रोडवेज बस स्टैंड पर ईवी चार्जिंग स्टेशन और कई जगहों पर सेल्फी प्वाइंट बनवाए गए हैं। फतेहगढ़ से गुरसहायगंज तक मार्ग फोरलेन प्रस्तावित है। जल्द ही उस पर काम शुरू होगा। विधायक निधि से 35 सड़कों का निर्माण, स्कूलों और पार्कों में ओपेन जिम लगवाए गए हैं। जेल में एक एंबुलेंस दी गई है और पोस्टमार्टम हाउस, लिंजीगंज आदि स्थानों पर यात्री प्रतीक्षालय बनवाए गए हैं। शहर के विकास के लिए कई मुद्दे सदन में उठाए गए हैं। फर्रुखाबाद नगर पालिका को विकास प्राधिकरण बनवाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
    -मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सदर विधायक।


    शहर में समस्याएं ही समस्याएं हैं। कहीं पर कोई विकास कार्य दिखते नहीं हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में ही मंडी समिति है, वहां किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। किसान भवन कभी खुलता नहीं है। विधायक क्षेत्र में कम ही रहते हैं। ढिलावल में जो रेलवे अंडरपास बना हुआ है, वहां वर्षा के दिनों में वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है। कायमगंज-शमसाबाद क्षेत्र से आने वाले आलू किसानों को जाम से जूझना पड़ता है। शहर में चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था के लिए कोई काम नहीं किए गए हैं। उद्योग-धंधे लगवाने पर भी कोई काम नहीं हुआ। जरदोजी व्यवसाय को बढ़ावा दिया जाना चाहिए था।
    - विजय कटियार, प्रत्याशी बसपा।


    लोगों की प्रतिक्रिया

    शहर में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं खराब हैं। डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में रोज अनियमितता होने के बावजूद कठोर कार्रवाई नहीं की जाती। फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ मुख्य बाजारों में जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही। शहर की आबादी बढ़ रही है, लेकिन सड़कों का चौड़ीकरण नहीं हो रहा है।
    - मनीत सिंह, विधि छात्र, निवासी भोलेपुर।

    वर्षा के मौसम में निचले इलाकों और कुछ कालोनियों में जलभराव की प्रमुख समस्या है। शहरी क्षेत्र के नागरिकों के लिए अभी भी विकास की बहुत आवश्यकता है। सदर विधायक की पहल पर जसमई तिराहा और सेंट्रल जेल चौराहा पर नए पावर हाउस का निर्माण हो रहा है।
    - अशोक वर्मा, निवासी स्नेह नगर कालोनी भोलेपुर।

    पांचाल घाट पर सदर विधायक ने जो आश्रय स्थल बनवाए गए, वह सही जगह नहीं बने हैं। शहर में सबसे बड़ी समस्या बिजली ट्रिपिंग की है। रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पूर्वी व पश्चिमी क्रासिंग अधिकतर समय बंद रहती है, जिससे लोग घंटों फंसे रहते हैं। इन क्रासिंग पर आज तक आरओबी नहीं बना।
    - सुजीत पाठक, निवासी नुनहाई।

    सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कई शिक्षण संस्थानों में वाटर कूलर व कई मुहल्लों में अपनी निधि से सोलर लाइटें लगवाईं। उनका यह अच्छा काम है। शहर क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना होनी चाहिए। जलभराव की समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए सीवर लाइन डलवाई जाए।
    - सुबोध अवस्थी, निवासी नुनहाई।