फर्रुखाबाद में सामने से लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत, बेटी घायल
फर्रुखाबाद में लोडर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटी घायल हो गई। यह हादसा कंपिल थाना क्षेत्र में अटैना गंगा ...और पढ़ें

विनय और सुनील की फाइल फोटो। स्रोत : स्वजन
HighLights
नौ वर्षीय पुत्री की हालत नाजुक, सीएचसी से किया गया रेफर
पुत्र व पुत्री के साथ सिक्योरिटी गार्ड बाइक से जा रहे थे ससुराल
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। शुक्रवार शाम करीब चार बजे पुत्र व पुत्री के साथ ससुराल जा रहे दिल्ली में निजी कंपनी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की बाइक में अटैना घाट से पहले पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक से सड़क पर गिरे पिता-पुत्र के ऊपर से लोडर का पिछला पहिया निकल गया। हेलमेट न लगाए होने के कारण उनके सिर फट गए और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पुत्री को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से उसे डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जनपद एटा के थाना जैथरा के गांव कुंवरपुर निवासी 42 वर्षीय सुनील जाटव दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। उनकी पत्नी पिंकी तीन दिन पहले अपने मायके जनपद बदायूं के गांव अटैना गई थीं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे सुनील जाटव, 12 वर्षीय पुत्र विनय सागर व नौ वर्षीय पुत्री सौम्या के साथ पत्नी पिंकी को लेने बाइक से ससुराल जा रहे थे। जब वह कंपिल क्षेत्र में अटैना घाट गंगा पुल से 300 मीटर पहले पहुंचे थे कि पीछे से करीब 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार आए लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने पर बाइक से उछलकर तीनों लोग सड़क पर गिर गए। तभी लोडर का पिछला पहिया सुनील व उनके पुत्र विनय सागर के ऊपर से निकल गया। कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उनके सिर कुचल गए और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सौम्या के सिर में चोट आने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक लोडर लेकर भाग गया।
स्थानीय लोगों की यूपी 112 व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घायल सौम्या को 108 एंबुलेंस से कायमगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत को देखते हुए सौम्या को डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर पाकर पत्नी पिंकी अन्य स्वजन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि सीसी कैमरे से लोडर की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।