फर्रुखाबाद में ग्लोबल हास्पिटल में गैस लीक, दुर्गंध व आंखों में जलन से भागे मरीज व परिजन
फर्रुखाबाद के ग्लोबल हॉस्पिटल में गैस लीक होने से मरीजों और तीमारदारों की आंखों में जलन और दुर्गंध महसूस हुई। एसीएमओ ने बताया कि ऑपरेशन कक्ष से फार्मल ...और पढ़ें

अस्पताल के बाहर आए मरीज और परिजन। जागरण
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। बरेली हाईवे स्थित ग्लोबल हास्पिटल में शाम करीब सवा सात बजे भूतल तल पर भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों को गैस लीक होने की दुर्गंध लगी व आंखों में जलन होने लगी। इस पर भाकियू नेता ने नाराजगी जताई, जिससे विवाद हो गया। भाकियू नेता ने आरोप लगाया कि उनके व पुत्री के साथ कर्मचारियों ने मारपीट की है।
अफरातफरी के बीच कुछ मरीज अस्पताल से बाहर निकल आए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसीएमओ ने अन्य मरीज व कर्मचारियों को बाहर निकालकर जानकारी दी कि आपरेशन कक्ष में उपयोग होने वाली फार्मलीन गैस लीक हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर मसेनी चौराहा के निकट स्थित ग्लोबल हास्पिटल में रविवार शाम करीब सवा सात बजे गैस लीकेज हो गई। जिससे भूतल के वार्ड में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों की आंखों में जलन होने लगी। अस्पताल में भर्ती गांव जैतपुर निवासी ममता राठौर के पति भाकियू भानू गुट व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुन्ना राठौर ने इस पर आपत्ति की।
आरोप है कि इसी को लेकर हास्पिटल के कर्मचारियों ने मुन्ना राठौर व उनकी पुत्री रिनी के साथ मारपीट कर दी। मुन्ना राठौर की सूचना पर भानू गुट के जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह भी आ गए। तब तक अधिकतर मरीज बाहर आ चुके थे। बाग लकूला के चौकीदार प्रदीप कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सीओ सिटी अभय वर्मा, पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा, भैरवघाट चौकी प्रभारी अवधेश चौधरी आदि मौके पर पहुंचे।
खबरें और भी
भाकियू जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह व भैरवघाट चौकी प्रभारी अवधेश चौधरी के बीच नोकझोंक हो गई। शाम करीब पौने आठ बजे अस्पताल पहुंचे एसीएमओ डा.रंजन गौतम ने भूतल तल के वार्ड में भर्ती फतेहगढ़ के भूसामंडी निवासी रामबाबू व नर्सिंगहोम कर्मियों को बाहर निकाल दिया। दमकल कर्मी भी पहुंच गए, लेकिन उनके पास मास्क नहीं थे। इस कारण वह करीब 20 मिनट तक बाहर खड़े रहे। इसके बाद अंगोछे से मुंह बांधकर अंदर गए।
एसीएमओ ने बताया कि फार्मलीन गैस लीक हुई है। इसका उपयोग आपरेशन कक्ष में किया जाता है। इससे आंखों में जलन होती है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। भाकियू नेता मुन्ना राठौर ने बताया कि उनकी पत्नी ममता राठौर ने दो दिन पहले एक पुत्र व एक पुत्री को हास्पिटल में जन्म दिया है। बच्चों की वजह से उन्होंने अस्पताल कर्मचारियों से आपत्ति की थी, इसी वजह से मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि वह इन दिनों मसेनी चौराहे पर मकान बनाकर रहे हैं। उनके एक पुत्र की मौत पिछले दिनों लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में मार्ग दुर्घटना में हो गई थी।