कायमगंज में लेखपालों में विवाद, महिला लेखपाल ने सहकर्मी पर लगाया छेड़छाड़ और धमकी का आरोप
कायमगंज तहसील में एक महिला लेखपाल ने अपने सहकर्मी लेखपाल पर छेड़छाड़, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। प ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, कायमगंज(फर्रुखाबाद)। तहसील क्षेत्र में कार्यरत एक महिला लेखपाल ने अपने सहकर्मी लेखपाल पर छेड़छाड़, फोन पर गाली गलौज कर जान से मार देने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है। कानपुर के एक मुहल्ले की निवासी महिला कायमगंज तहसील क्षेत्र में लेखपाल पद पर तैनात है। उसने कायमगंज क्षेत्र में ही तैनात लेखपाल कानपुर देहात के झींझक निवासी दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि आरोपित लेखपाल उसे आए दिन परेशान करता है। एक मई को पीएन फाउंडेशन स्कूल में जनगणना संबंधी प्रशिक्षण हुआ था। वहां दीपक ने उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। वह किसी तरह से वहां से भागी, तो आरोपित ने अश्लील इशारे करके बदतमीजी की। आरोपित आए दिन फोन पर गाली गलौज करता है। जब गाली देने से मना किया तो उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला लेखपाल की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, दुष्कर्म व पाक्सो के मुकदमे में महिला समेत तीन तलब
घर पर काम करने के बहाने बुलाकर दो लोगों ने किशोरी से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इसकी शिकायत अपनी चाची से की तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता के ताऊ ने छोटे भाई की पत्नी और दो पड़ोसियों के खिलाफ न्यायालय में अर्जी दायर की। सुनवाई के बाद विशेष अदालत पाक्सो एक्ट के न्यायाधीश ने तीनों आरोपितों को कोर्ट में तलब किया गया है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने अपने छोटे भाई की पत्नी और पड़ोसी घनश्याम उर्फ भानू व प्रेम के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि उसके एक छोटे भाई की मृत्यु हो गई है और उसकी पुत्री मां के साथ रहती है। दूसरे छोटे भाई की पत्नी ने भतीजी को वर्ष 2022 में पड़ोसी घनश्याम के घर काम करने के लिए भेजा। घनश्याम ने उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर आकर चाची को घटना की जानकारी दी तो चाची से धमकी देकर चुप कर दिया। वह छत पर थी, तो पड़ोसी युवक प्रेम घर पर आया और उसने साथ दुष्कर्म किया।
खबरें और भी
10 सितंबर 2023 को घर पर कोई नहीं था, तभी दोनों आरोपित घर पर आए और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इसकी जानकारी ताऊ को दी। ताऊ ने तीनों आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया। सुनवाई के बाद विशेष अदालत पाक्सो एक्ट के न्यायाधीश ने आरोपित घनश्याम उर्फ भानू, प्रेम व पीड़िता की चाची को दुष्कर्म, धमकी व पाक्सो एक्ट के अपराध में तलब किया है।