कायमगंज विधायक पति पर गुंडागर्दी का आरोप! फर्रुखाबाद में समर्थकों संग मारपीट; Video Viral
फर्रुखाबाद के कंपिल में कायमगंज विधायक के पति डॉ. अजीत गंगवार पर मलबा हटाने के नाम पर अवैध खनन का आरोप लगाने और ठेकेदार के कर्मचारी से मारपीट का आरोप ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, कंपिल (फर्रुखाबाद)। कताई मिल परिसर में मलबा हटाने के नाम पर खनन कराने का आरोप लगाते हुए कायमगंज विधायक के पति का ठेकेदार से विवाद हो गया। आरोप है कि विधायक के पति के साथ आए लोगों ने ठेकेदार के साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित ठेकेदार का चिकित्सीय परीक्षण कराया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
उधर विधायक का कहना है कि उनके पति ने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की। अवैध तरीके से खनन कराने पर मुकदमा दर्ज कराने का चेतावनी जरूर दी थी। नशे में धुत ठेकेदार ने जरूर बदतमीजी से बात की थी। प्रचलित हो रहे वीडियो में कोई मारपीट होते नहीं दिख रही है।
क्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी किशनलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अखिलेश उर्फ लालू कताई मिल परिसर से ट्रैक्टर के माध्यम से मलबा ढुलाई करता है। शनिवार शाम करीब चार बजे कायमगंज सुरक्षित सीट से विधायक डा. सुरभि के पति डा. अजीत गंगवार अपने साथियों के साथ कताई मिल परिसर में पहुंचे। उन्होंने मलवा हटाने के नाम पर अवैध तरीके से खनन करने का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के कर्मचारी गणपति चौधरी को मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी।
इस दौरान चालक अखिलेश उर्फ लालू घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि कहासुनी के बाद लालू के साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान विधायक प्रतिनिधि के साथ मौजूद उनके समर्थक कुछ युवकों ने भी उसके साथ हाथापाई की।
खबरें और भी
डा. अजीत गंगवार और ठेकेदार के कर्मचारी से बहस का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है। उधर ठेकेदार कर्मचारी गणपति चौधरी ने कहा विधायक के पति डा. अजीत गंगवार एक माह पहले आए थे। उन्होंने विधायक के पति होने के नाते आवभगत भी की थी। इस पर डा. अजीत गंगवार ने आफिस में आकर मिलने को कहा था। अपने उच्चाधिकारियों के कहने पर वह उनके आफिस में मिलने नहीं गए थे। इसलिए वह अवैध खनन कराने का आरोप लगा रहे थे। पीड़ित किशनलाल ने मामले की तहरीर दी। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। अखिलेश का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। कोई चोटें नहीं पाई गई हैं।
विधायक बोलीं कि पति ने कोई गलत बात नहीं की
कायमगंज से अपना दल की विधायक डा. सुरभि ने कहा कि मै और डाक्टर साहब (डा. अजीत गंगवार) साथ ही थे, मेरी गाड़ी आगे निकल गई थी। डाक्टर साहब ने कोई भी गलत बात नहीं की। मलबा हटाने के नाम पर खनन कराया जा रहा है, इसका विरोध करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी थी। नशे में धुत ठेकेदार के कर्मचारी ने ही बदतमीजी से बात करना शुरू की थी। कोई मारपीट नहीं की गई। चिकित्सीय परीक्षण में इसकी पुष्टि हो गई।