जयपुर में लिव-इन में रह रही महिला की बेटी की संदिग्ध मौत, कायमगंज में अंतिम संस्कार के वक्त पहुंचे पिता ने रुकवाई अंत्येष्टि
जयपुर में लिव-इन में रह रही महिला की 12 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से मौत हो गई। कायमगंज में अंतिम संस्कार के दौरान मृतका के पिता ने ...और पढ़ें

राधिका की फाइल फोटो व अहमदगंज मार्ग स्थित बूढ़ी गंगा के कुंडा अंत्येष्टि स्थल पर घटना की जानकारी लेती पुलिस। जागरण
HighLights
जयपुर में 12 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत
कायमगंज में अंतिम संस्कार के समय विवाद
पिता ने पुलिस बुलाकर अंत्येष्टि रुकवाई
संवाद सहयोगी, कायमगंज (फर्रुखाबाद)। पति से अलग होकर तीन बच्चों के साथ जयपुर में लिव इन रिलेशन में रहने वाली महिला की 12 वर्षीय पुत्री की जयपुर में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद महिला शव को मायके कायमगंज क्षेत्र में ले आई।
रविवार को शव के अंतिम संस्कार के समय पहुंचे किशोरी के पिता व सौतेले भाई ने पुलिस बुलाकर शव की अंत्येष्टि में बाधा डाल दी। पुलिस के समझाने पर किशोरी के शव को दफन कर दिया गया।
जयपुर में रहते थे दोनों
कायमगंज के गांव गऊटोला निवासी नरायन माथुर की पुत्री सुमन की शादी करीब 15 वर्ष पहले जनपद कासगंज थाना पटियाली क्षेत्र के गांव बहादुरनगर निवासी मनोज कुमार से हुई थी। मनोज की यह दूसरी शादी थी। मनोज व सुमन राजस्थान के जयपुर में रहते थे। दोनों वहां किसी छपाई कारखाने में श्रमिक के तौर पर काम करते थे। पति से विवाद हो जाने के बाद सुमन अपने तीन बच्चों राधिका, सुरजीत व किशन के साथ जयपुर के बागरू थाना क्षेत्र के गांव शिव कालोनी निवासी ओमप्रकाश के साथ लिव इन में रहने लगी।
फंदा लगने से मौत हुई
शनिवार को 12 वर्षीय राधिका की संदिग्ध परिस्थिति में फंदा लगने से मौत हो गई। ओमप्रकाश ने वहां पुलिस को तहरीर दी, जिसमें सुमन से साथ लिव इन में रहना स्वीकार करते हुए लिखा कि राधिका ने खुदकुशी की है। वहां पोस्टमार्टम के बाद सुमन अन्य स्वजन के साथ राधिका का शव लेकर अपने मायके गांव गऊटोला आ गई।
डायल 112 को पिता ने दी सूचना
रविवार को राधिका के शव की अंत्येष्टि के लिए स्वजन अहमदगंज मार्ग स्थित बूढ़ी गंगा के कुंडा के निकट दफन को ले गए। तभी बालिका के पिता मनोज ने आरोप लगाते हुए 112 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंची व शव की अंत्येष्टि रोकने को कहा। कुछ देर बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल भी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ कर प्रकरण की जानकारी ली। वहां सुमन व ओमप्रकाश ने राजस्थान के थाने में कराई गई रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा शव सुपुर्दगी की कापी दिखाई।
खबरें और भी
इस पर प्रभारी निरीक्षक ने राधिका के पिता मनोज व उनके पुत्र दीपक को समझाया कि सारी कानूनी प्रक्रिया जयपुर में पूरी हो चुकी है। यदि कोई शिकायत है तो वहीं सूचना दें। इस पर वह सहमत हो गए व शव की अंत्येष्टि कर दी गई।