Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ayah Shah MLA Report Card: सड़क और पर्यटन पर हुआ काम, शिक्षा-रोजगार का वादा अब भी अधूरा

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 09:09 PM (IST)

    विधायक विकास गुप्ता ने अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पर्यटन पर काम किया, लेकिन शिक्षा और रोजगार के वादे अधूरे रह गए। यमुना कटान और उच्च शिक्षा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सड़क और पर्यटन क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण विकास कार्य।

    2. शिक्षा और रोजगार के वादे अभी भी अधूरे।

    3. यमुना कटान और उच्च शिक्षा की कमी प्रमुख मुद्दे।

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। यमुना कटरी इलाके को समेटे अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार जीते विधायक विकास गुप्ता ने सड़क व पर्यटन क्षेत्र में तो काम किया लेकिन शिक्षा व रोजगार पर किया गया वादा अधूरा रह गया। लंबे समय से विकास से अछूते क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली गाजीपुर-विजईपुर मार्ग का निर्माण सैकड़ोंं गांवों को राहत दे रहा रहा है वहीं यमुना एक्सप्रेस वे का काम पूरा न हो पाने से पिछड़े क्षेत्र के विकास का ढांचा अधूरा है।

    लोकसभा व विधानसभा चुनाव में हर बार मुद्दा बनने वाली क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या यमुना के कटान से समाहित हो रहे गांव है। कोर्राकनक गांव में यमुना में समाहित हो रही जमीन को बचाने में सफलता नहीं मिली है। केंद्र के बाढ़ मंत्रालय और प्रदेश सरकार की टीम ने सर्वे किया था लेकिन कटान रोकने के लिए पत्थर लगाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। अब तक 13,500 बीघा जमीन यमुना में समाहित हो गई है।

    चुनाव के समय किए गए वादे में ललौली कस्बे के जर्जर बस स्टेशन का जीर्णोद्धार कराया है। जीर्णशीर्ण दशा में पड़े गाजीपुर में डाक बंगले का नवीनीकरण कराकर उसे ठहरने योग्य बनाया गया है। पर्यटन मंत्रालय से मठ-मंदिरों में तेलाना बाबा, शाह मठ, रुरेश्वरधाम का कायाकल्प कराकर उसे दर्शनीय रूप दिया गया है। उदीयमान खिलाड़ियों के लिए सांखा गांव में मिनी स्टेडियम को स्वीकृति दिलाई है। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। आने वाले समय में खिलाड़ियों को अच्छा प्लेटफार्म मिलेगा।

    बिजली में योगदान की बात करें तो दतौली और चुरियानी में सब स्टेशन का निर्माण कराया है। बिजली की दिक्कत ग्रामीण क्षेत्रों में दूर हुई है। पूरी विधानसभा क्षेत्र में असोथर नगर पंचायत को दर्जा दिलाने का काम हुआ है। इसी के साथ ही विधानसभा क्षेत्र में यमुना नदी के औगासी और मरका पुल का निर्माण हुआ है। जिससे बांदा, चित्रकूट, सतना और मैहर की दूरी नापना आसान हुआ है। इसके साथ अढ़ावल मार्ग में आवागमन को स्वीकृति दिलाई गई है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए गाजीपुर कस्बे में बाइपास का निर्माण करवाने को मंजूरी दी गई है।

    खबरें और भी

    अयाह- शाह विधानसभा क्षेत्र

    • कुल मतदाता : 2,51,626
    • पुरुष मतदाता : 1,40,218
    • महिला मतदाता :1,11,405
    • थर्ड जेंडर : 3

    70 दिवसों में उपस्थिति

    विशेष सत्र को मिलाकर 70 दिवसों में शत प्रतिशत उपस्थिति।

    सदन में उठाए गए सवाल

    क्षेत्र में बिजली की समस्या, सांखा गांव में मिनी स्टेडियम, खराब सड़कें, बेसहारा मवेशी, स्वास्थ्य, ललौली रोडवेज।

     

    अयाह शाह विधानसभा की समस्याओं के निपटारे को लेकर राजनीति में उतरे। दो बार जनता ने भरोसा किया तो उसमें खरा उतरने के का पूरा प्रयास किया। क्षेत्र की समस्याओं को सूचीबद्ध करते हुए बारी-बारी से शासन तक पैरवी की। सड़क मार्ग को सुगम बनाने के लिए सड़कों का जाल बिछवाया है। पर्यटन के नक्शे में विधानसभा क्षेत्र के मठ और मंदिरों को लेकर उन्होंने काम करवाए हैं। प्राचीन पौराणिक स्थलों को चमकाया गया है। खिलाड़ियों को अब जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा इसके लिए सांखा गांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू कराया है। यमुना तटवर्ती गांवों के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए उन्होंने सड़कें बनवाई हैं तो बिजली संकट को दूर किया है। यमुना कटान रोकने के लिए भारत सरकार के जल मंत्रालय से पत्राचार किया जा रहा है।
    विकास गुप्ता, विधायक अयाह शाह

     


    भाजपा सरकार ने चार साल में प्रमुख मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम किया है। अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। यहां के विधायक पूरी तरह से व्यवसायिक हैं, जनता के दुख-दर्द से उनसे कोई मतलब नहीं है। रोजगार के अभाव में युवा पलायन को मजबूर है। उसे रोजी-रोटी कमाने के चक्कर में माता, पिता, पत्नी और बच्चों को बेसहारा छोड़कर जाना पड़ रहा है। पूरी विधानसभा क्षेत्र में ग्रेजुएशन करने के लिए एक भी महाविद्यालय नहीं है। पुलिस, राजस्व सहित अन्य विभागों में मनमानी चल रही है। रोकथाम के प्रयास नहीं किए गए हैं। भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
    विशंभर प्रसाद निषाद, सपा रनर

     

    विधानसभा क्षेत्र में विकास की बात को नकारा नहीं जा सकता है। यमुना तटवर्ती गांवों से जुड़ी तमाम समस्याओं के हल कराने के लिए अभी भी खासी जरूरत है। रोजगार के अवसर पूरी विधानसभा में नहीं हैं। इसे पूरा करके लोगों को राहत देनी होगी।
    शिवाकांत अवस्थी,


    जिला आकांक्षी जनपदों में शामिल है तो विधानसभा अयाह- शाह भी है। विधानसभा क्षेत्र में सरकारी उच्च शिक्षा के अवसर युवाओं को नहीं है। शैक्षिक दृष्टि से विधानसभा क्षेत्र में बड़ा काम करने की जरूरत है। तभी तो पढ़ेगा इंडिया-बढ़ेगा इंडिया का नारा पूरा होगा ।
    पवन कुमार


    सड़क, बिजल सहित कई मुद्दों में अच्छा विकास गिनाया जा सकता है लेकिन अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र में पलायन बड़े पैमाने पर होता है। पलायन रोकने के प्रयास नहीं हो पाए हैं। युवा परदेश कमाने जाते हैं और पैतृक भवन, बुजुर्गों का एकाकीपन समस्या है।
    आशुतोष तिवारी


    विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। अभी की स्थिति में परिवार को छोड़कर महानगर और गैर प्रांतों की की दूरी जीविकोपार्जन के लिए नापनी पड़ रही है। इससे निजात मिलाने के लिए प्रयास करनी चाहिए।
    राम गोपाल निषाद