फतेहपुर के 140 गांवों के खुशखबरी, 750 करोड़ से बनेगा 42 किमी चौडगरा-चिल्ला फोरलेन मार्ग, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
चौडगरा-चिल्ला के बीच 42 किमी लंबा फोरलेन मार्ग 750 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा, जो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। ...और पढ़ें

ये तस्वीर प्रतीकात्मक है।
HighLights
डिवाइडर युक्त बनेगा चौडगरा-चिल्ला फोरलेन मार्ग, 750 करोड़ का भेजा एस्टीमेट
42 किमी लंबा फोरलेन मार्ग बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे को जोड़ने का करेगा काम
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, 140 गांवों को लाभ।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए चिल्ला घाट तक सात मीटर चौड़े मार्ग का निर्माण होना है। बुंदेलखंड को जोड़ने के लिए एक मात्र सड़क होने से वाहनों का दबाव अधिक रहता है। जिससे बिंदकी कस्बा में प्रतिदिन जाम की स्थित बनी रहती थी।
समस्याओं को देखते हुए बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी ने चौडगरा कस्बा से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए फोरलेन मार्ग बनाने का एस्टीमेट बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग से कहा है। विभाग ने 42 किमी लंबा और डिवाइडर युक्त फोरलेन मार्ग बनाने के लिए 750 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा है। इस फोरलेन मार्ग से 140 गांव व मजरों के लोगो को सहूलियत मिलेगी।
बुंदेलखंड के बांदा जिला से कानपुर-प्रयागराज जाने वाले वाहन इसी मार्ग से होकर आवागमन करते हैं। जिले से प्रतिदिन तीन से चार हजार छोटे-बड़े वाहन निकलते हैं। यह वाहन प्रतिदिन बिंदकी कस्बा में जाम में फंस जाते हैं। साथ ही बांदा स्थित मेडिकल कालेज से रेफर मरीजों को कानपुर ले जाने वाली एंबुलेंस अक्सर जाम में घंटों फंसी रहती हैं।
140 गांव व मजरों के लोग बिंदकी बाजार करने आते-जाते हैं और किसान अपने खेतों की उपज अच्छे दाम में बेचने के लेकर बिंदकी आते-जाते हैं। गांव व मजरों के छात्र-छात्रा पढ़ने के लिए बिंदकी कस्बा आते-जाते हैं। जाम लंबा होने से इन छात्र-छात्रा के वाहन घंटों में जाम फंस जाते हैं। जिससे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं।
मार्ग में भारी वाहनों का रहता दबाव
भवन निर्माण के लिए कबरई से गिट्टी और बांदा से मौरंग को लेकर ट्रक कानपुर, रायबरेली, उन्नाव, लखनऊ, प्रतापगढ़ आदि जिलों को लेकर आवागमन करते हैं। ट्रकों की संख्या अधिक होने पर कस्बे में यातायात नियमों का पालन नहीं होता है।
बोले जिम्मेदार
चौडगरा से बुंदेलखंड को जोड़ने के लिए 42 किमी लंबा डिवाइडरयुक्त फोरलेन मार्ग बनाने का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृत मिलने पर फोरलेन का कार्य शुरू किया जाएगा।
- दुर्गेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग खंड-2
यह भी पढ़ें- कानपुर-उन्नाव और लखनऊ के बीच यातायात होगा आसान, सरैया ROB पर आज रखे जाएंगे आखिरी 4 गर्डर
