विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, युवती घायल

Published: Sat, 05 Sep 2026 02:46 PM (IST)

फतेहपुर के खागा में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवती को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, जिसमें युवक की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, खागा (फतेपहुर)। सेना भर्ती के लिए कानपुर- प्रयागराज हाईवे किनारे दौड़ लगा रहे एक युवक व युवती को पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे में घायल युवक की मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस, हादसे की जांच कर रही है।


नगर के नई बजार मुहल्ले में रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय के नजदीक रहने वाले पुत्तन सिंह की पुत्री प्रांजुल सिंह, दयालपुर गांव निवासी सियाराम पासवान का 20 वर्षीय पुत्र संजय कुमार तथा अन्य दो युवक प्रतिदिन की तरह ही शनिवार को तड़के साढ़े चार बजे करीब पुलिस-सेना में भर्ती के लिए दौड़ लगाने के लिए निकले थे। उक्त सभी युवा, हाईवे किनारे दौड़ लगाते हुए इस्कुरी गांव के नजदीक पहुंचे।

तभी संजय कुमार व प्रांजुल को पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। संजय की हादसे में मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि प्रांजुल को गंभीर हालत में राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। दिवंगत के पिता दिल्ली में रहकर पेंटिंग का काम करते हैं। उन्हें हादसे के बारे में सूचना दी गई है। स्वजन ने बताया कि दिवंगत सुल्तानपुर घोष स्थित रामपाल मौर्य डिग्री कालेज से बीएड कर रहा था।

साथ ही वह सेना में जाने के लिए तैयारी करता था। हादसे के समय कुछ दूरी पर रहे लोगों ने बताया कि जिस वाहन से दुर्घटना हुई वह ट्रक था। हालांकि पुलिस, फरार वाहन चालक के बारे में हाइवे के किनारे लगे सीसी कैमरों की फुटेज देख रही है। दिवंगत के भाई पवन व धनंजय का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।