विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Fatehpur Murder Case: लाइसेंसी रिवाल्वर से ट्रक चालक की हत्या कर हत्यारोपित भागे, सात संदिग्ध हत्थे चढ़े

Published: Sun, 30 Aug 2026 07:40 PM (IST)

हुसेनगंज के असनी गांव में देसी शराब ठेके के पास कहासुनी के बाद लाइसेंसी रिवाल्वर से ट्रक चालक मनीष दुबे ...और पढ़ें

मनीष दुबे, फाइल फोटो व ग्रामीणों को जाम हटाने के लिए समझाती पुलिस व भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी। जागरण

मनीष दुबे, फाइल फोटो व ग्रामीणों को जाम हटाने के लिए समझाती पुलिस व भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी। जागरण 

HighLights

  1. शराब ठेका सेल्समैन के पुत्र व दिवंगत के पुत्र में बोलेरो हटाने को लेकर हुआ था विवाद

  2. बेटे की शिकायत पर पिता पहुंचे तो हत्यारोपित ने सीने में गोली मार कर की हत्या, मुकदमा

  3. हत्यारोपितों की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीण व स्वजन ने लखनऊ रोड पर लगाया जाम

संवाद सूत्र, हुसेनगंज(फतेहपुर)। असनी गांव स्थित देसी शराब ठेका के सामने शनिवार देर रात आपसी कहासुनी को लेकर रंजिश में लाइसेंसी रिवाल्वर से ट्रक चालक पर ताबड़तोड़ दो फायर कर हत्यारोपित भाग निकले। गंभीर रूप से घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ठेका के सेल्समैन समेत सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।

हत्यारोपितों की गिरफ्तारी न होने के विरोध पर गुस्साई महिलाएं व पुरुषों ने पोस्टमार्टम बाद रविवार शाम चार बजे लखनऊ रोड पर असनी पुलिस चौकी के समीप शव रखकर जाम लगा दिया। इस पर एएसपी ज्ञानप्रकाश राय व भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने के लिए स्वजन व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, तब जाकर करीब डेढ़ घंटे बाद शाम साढ़े पांच बजे जाम खुल सका।

इससे पहले एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने रात तीन बजे घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ित स्वजन से जानकारी ली। फरार हत्यारोपित सगे भाइयों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक फायर की गोली आर-पार होने की पुष्टि की गई है।

हुसेनगंज थाने के असनी गांव में रहने वाले 40 वर्षीय मनीष दुबे ट्रक चालक थे, जो पत्नी रीता देवी, दो पुत्रों गौरव व वैभव के साथ घर पर रहते थे। इनका बड़ा पुत्र गौरव हरियाणा स्थित एक कंपनी में प्राइवेट काम करता है। शनिवार रात साढ़े 10 बजे इनका छोटा पुत्र वैभव अपने पड़ोसी सागर के साथ देसी शराब ठेका की ओर से आ रहा था।

रास्ते में इंद्रेश विक्रम उर्फ मनु सिंह की बोलेरो खड़ी थी, जिसे रास्ते से हटाने के लिए वैभव ने कहा तो ठेका सेल्समैन गोवर्धन निषाद के बेटे सोनू ने अपशब्द कहकर विवाद करते हुए वैभव व सागर को अपशब्द कह दिए। इसके बाद सेल्समैन ने फोन करके ठेके की देखरेख करने वाले इंद्रेश विक्रम व इसके भाई अमन सिंह को बुला लिया। जबकि वैभव ने घर जाकर पिता मनीष दुबे को विवाद की जानकारी दी।

इस पर मनीष दुबे पड़ोसी सागर के पिता नीरज को लेकर ठेका के सामने पहुंचे, जहां मनु सिंह व अमन सिंह से अपशब्द बोलने की शिकायत किया तो कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर इंद्रेश विक्रम सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर मनीष दुबे के सीने पर दाहिने ओर ताबड़तोड़ दो फायर किए और भाग निकला। चीख पुकार के बीच घायल को सीएचसी ले जाया गया जहां से मध्यरात्रि उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने मनीष दुबे को मृत घोषित कर दिया। घटना से दिवंगत की पत्नी रीता देवी, पिता कामता प्रसाद दुबे, भाई मुकेश दुबे व बेटे रो-रोकर बेहाल रहे। एसओ आलोक पांडेय मौके पर पहुंचे तो हत्यारोपित सगे भाई भाग निकले थे। इस पर पुलिस ने सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में ले लिया।

दिवंगत के पुत्र वैभव दुबे की तहरीर पर पुलिस ने इंद्रेश विक्रम उर्फ मनु सिंह व इसके भाई अमन सिंह निवासी आलमपुर नरही, हुसेनगंज के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ ने बताया कि देसी शराब ठेका ग्राम प्रधान कल्पना देवी पत्नी अभिषेक उर्फ आशू सिंह निवासी आलमपुर नरही हुसेनगंज के नाम हैं।

गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों के द्वारा जाम प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। जो एएसपी और ब्लाक प्रमुख के समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद खुला। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल की तैनाती करा दी गई है।

दो बिस्वा में बने मंदिर निर्माण की रंजिश थी

दिवंगत के पुत्र वैभव दुबे ने बताया कि करीब 100 वर्ष पुराना मां दुर्गा जी का मंदिर विगत 20 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा था। पिता मनीष दुबे ने एक वर्ष पूर्व पैरवी कर ग्रामीणों के सहयोग मंदिर का जीर्णोद्धार कराया तो आलमपुर नरही गांव के इंद्रेश विक्रम सिंह व अमन सिंह ने विरोध किया था, क्योंकि मंदिर को दान में दी गई भूमि पर उक्त लोग कब्जा करना चाहते थे। अनुमान है कि इसी रंजिश में उन लोगों ने पिता की हत्या कर डाली। आरोप लगाया कि असनी चौकी शिकायत लेकर गए तो सिपाहियों ने उल्टा उसे पीटा और भगा दिया। ग्रामीणों की मानें तो उक्त लोग पीली मिट्टी का खनन कराते थे और इनकी दबंगई की वजह से कोई कुछ नहीं बोलता था।

एसपी बोले, शरण देने में होंगे चिह्नित

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शराब ठेका सेल्समैन गोवर्धन निषाद समेत सात व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य हत्यारोपितों इंद्रेश विक्रम व अमन सिंह को शरण देने व किसी प्रकार का सहयोग देने वाले व्यक्तियों को चिह्नित किया जा रहा है। जांच बाद उनके विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हत्यारोपितों की धरपकड़ को तीन पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।