फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, आम बिनने के दौरान आई प्राकृतिक आपदा
फतेहपुर में 81 लाख रुपये खर्च के बावजूद नालों की सफाई न होने से भारी जलभराव हुआ, जिससे लोगों को परेशानी हुई और प्रशासन पर सवाल उठे। इसी बीच, तेंदुली ग ...और पढ़ें

दिवंगत आयुष। स्रोत स्वजन
HighLights
फतेहपुर में 81 लाख खर्च के बाद भी जलभराव की समस्या।
तेंदुली गांव में आम बीन रहे किशोर आयुष की बिजली गिरने से मौत।
नगर पालिका पर नालों की सफाई में लापरवाही का आरोप।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। नालों की साफ सफाई में 81 लाख रुपये भले ही खर्च हो गए हो लेकिन जलभराव से शहर को निजात नहीं मिली है। बुधवार को दो चक्रों में हुई बरसात के चलते मुख्य सड़कें जलभराव का शिकार हुईं। जलभराव से पैदल निकलने वाले राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
जनता की समस्याओं से प्रशासन मानों कोई वास्ता नहीं रहा। कहीं पर भी जलभराव को खत्म करने के लिए टोली काम करते हुए नहीं दिखाई दी। पहली ही बरसात में नालों और नालियों की सिल्ट सफाई की पोल खुलकर सामने आ गई। तेंदुली गांव में आम बीन रहे 15 वर्षीय किशोर की बिजली गिरने से मौत हो गई।
शादीपुर मोहल्ले में सपा कार्यालय में पाटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन मनाया जा रहा था और दरवाजे की सड़क मानों तालाब की शक्ल ले चुकी थी। सपा सांसद, पालिका चेयरमैन, पूर्व सांसद और विधायक आदि नेताओं की गाड़ियां इस गंदे पानी से होकर गुजरीं। चंद कदम आगे भार्गव नगर में स्कूल को जाने वाला रास्ता लबालब भरा रहा।
इसी तरह पत्थर कटा चौराहे पर नालों के चोक होने से फुटपाथ पर पानी भर गया। रास्ते से निकले वाहनों के पहियों से गंदा पानी पैदल राहगीरों के कपड़ों को गंदा किया। लक्ष्मी टाकीज के पास पुरानी जीटी रोड और गलियां लबालब नजर आईं। रानी कालोनी, कोतवाली रोड, ज्वालागंज सहित तमाम मोहल्ले जल निकासी न होने से फुटपाथ और सड़क जलमग्न हो गइं। बाजारों के फुटपाथ में पानी भर जाने से खरीदारों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
खबरें और भी
मुख्य सड़कों के साथ गलियों में जलभराव हुआ जिसमें खलील नगर, ककरहा, महिला डिग्री कालेज रोड, मलिन बस्ती रेलबाजार, गंगा नगर कालोनी आदि जगहों में घंटों बाद भरा पानी निकल पाया। लोग नगर पालिका प्रशासन को कोसते हुए नजर आए। लोगों का कहना रहा है कि ऐसे में नालों की सफाई बंद कर देनी चाहिए। लाखों रुपये खर्च के बाद भी जलभराव से निजात नहीं मिला है।
आम बीनते समय गिरी बिजली, किशोर की मौत
बिंदकी तहसील के तेंदुली गांव निवासी सूरजभान यादव का 15 वर्षीय पुत्र आयुष बुधवार की दोपहर तीन बजे बाग में आम बीनने गया हुआ था। आमतभी अचानक मौसम खराब हुआ और पानी गिरने लगा। अचानक आसमान में तेज आवाज केस साथ बिजली गिरी जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने और किशोर की मौत का समाचार सुनते ही आसपास के ग्रामीण जुट गए। उधर स्वजन का रो रोकर बुरा हाल रहा है।
डा. नवल की कोठी और द्विवेदी रेस्टोरेंट नाले की नहीं हुई सफाई
मई माह से नालों की सिल्ट सफाई का काम नगर पालिका के द्वारा किया जा रहा है। नाला सफाई को लेकर बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं। आइटीआइ रोड पर डा. नवल दुबे की कोठी के पास एक बड़ी पुलिया और नाला है जो कि सिल्ट सफाई की बाट जोह रहा है। इसी तरह शादीपुर चौराहे पर द्विवेदी रेस्टोरेंट के बगल से नाला गुजरा है और पुलिया की सिल्ट सफाई का काम बीते साल भी नहीं हुआ है और इस साल भी पुनरावृत्ति की जा रही है। पुलिया साफ न होने से आबादी के अंदर पानी भर गया।