विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फतेहपुर में जिला पूर्ति विभाग की छापेमारी, 88 रसोई गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा; मुकदमा

Published: Sun, 29 Jun 2025 05:19 PM (IST)

फतेहपुर में जिला पूर्ति विभाग ने उन्‍नौर मजरे सहिमापुर गांव में छापेमारी कर इंडियन ऑयल के 88 रसोई गैस सिलिंडर ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

HighLights

  1. फतेहपुर में 88 रसोई गैस सिलिंडर जब्त |
  2. अवैध भंडारण के खिलाफ मामला दर्ज |
  3. सुरक्षा मानकों की अनदेखी से खतरा |

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर उन्नौर मजरे सहिमापुर गांव स्थित एक मकान में छापेमारी कर इंडियन आयल कंपनी के 88 रसोई गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा। जिसमें 14.2 किलो के 44 सिलिंडर भरे मिले जबकि 44 खाली थे।

टीम ने कालाबाजारी का खेल करने वाले आरोपित गंगा सिंह चौहान के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत हुसेनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराकर सिलिंडर जब्त कर लिए। डीएसओ सुनील पुष्कर के पास गोपनीय सूचना आई कि हुसेनगंज थाने के उन्नौर मजरे सहिमापुर गांव में रसोई गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण कर होम डिलीवरी कराई जा रही है।

जिस पर डीएसओ ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रथम अमरेंद्र त्रिवेदी, भिटौरा पूर्ति निरीक्षक मयंक श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक सुरेशचंद्र पटेल, पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार वर्मा, लिपिक आशुतोष शुक्ल की टीम मौके पर भेजी। जहां गंगा सिंह चौहान के मकान के बाहर व बरामदे में 88 सिलिंडर रखे मिले।क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में गृहस्वामी गंगा सिंह चौहान ने स्वीकार किया कि वह सिलिंडरों का क्रय-विक्रय करता है लेकिन उसके पास सिलिंडर क्रय-विक्रय करने के कोई अभिलेख नहीं मिले।

ये मामला द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश का खुला उल्लंघन है जो कि आवश्यक वस्तु अधिनियम की श्रेणी में आता है। विभागीय टीम ने इन सिलिंडरों को हुसेनगंज कस्बा स्थित मे. शास्त्री इंडेन गैस एजेंसी के सिपुर्द किया गया। एसओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

आबादी में विस्फोट का खतरा था उन्नौर मजरे सहिमापुर गांव में आबादी के भीतर स्थित मकान के भीतर गंगा सिंह चौहान के घर से भारी तादात में सिलिंडरों की खेप बरामद की गई जिसमें आधे सिलिंडरों में रसोई गैस भी भरी थी लेकिन सुरक्षा व अग्निशामक यंत्र के कोई इंतजाम नहीं थे। जिससे ग्रामीणों में चर्चा रही कि अवैध भंडारण की लापरवाही से विस्फोट की अनहोनी से भी इन्कार नहीं किया जा सकता था।

‘आरोपित कहां और किस एजेंसी से सिलिंडरों की आपूर्ति करता था। ये सिलिंडरों का क्रय-विक्रय करता था कि इसके साथ होम डिलीवरी भी करता था। इसकी जांच कराई जा रही है। ’ -सुनील पुष्कर, जिला पूर्ति अधिकारी।