फतेहपुर में तूफान में यमुना पांटून पुल क्षतिग्रस्त, चार जिलों से संपर्क टूटा
फतेहपुर के अढ़ावल गांव में यमुना नदी पर बना पांटून पुल मंगलवार रात तेज तूफान से क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के कई पीपे बह जाने से फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर ...और पढ़ें

तूफान में टूटे अढ़ावल पीपा पुल को व्यवस्थित करने में जुटे मजदूर व कर्मचारी। जागरण
HighLights
बुधवार को कर्मचारी व मजदूर दिन भर पीपों को बांधने में जुटे रहे
रोजाना आवाजाही करने वाले ग्रामीणों को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद सूत्र, बहुआ(फतेहपुर)। ललौली थाना क्षेत्र के अढ़ावल गांव में यमुना नदी पर बना पांटून पुल मंगलवार रात आए तेज तूफान की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया। तेज हवाओं और पानी के बहाव के चलते पुल के कई पीपे अपनी जगह से हटकर यमुना में बह गए, जिससे पुल पूरी तरह से टूट गया। इससे जनपद के अलावा बांदा, हमीरपुर, कानपुर के बीच संपर्क टूट गया। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना रात में ही संबंधित ठेकेदार को दे दी गई थी, लेकिन पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल यातायात बंद कर दिया गया। वहीं ललौली थाना प्रभारी एसबी सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एहतियातन पर पुल पर आने-जाने वाले वाहनों और लोगों को रोक दिया गया है तथा लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
आखिर बुधवार को विभाग की तंद्रा टूटी और कर्मचारी व मजदूर पुल को व्यवस्थित करने के लिए लगे रहे। एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव पांटून पुल टूटने की जानकारी बांदा लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है। विभाग द्वारा पुल की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।
इधर, ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का पोल, नौ गांव की आपूर्ति ठप
कानपुर बांदा मार्ग में डीघ बंबा के पास मंगलवार की भोर पहर दो ट्रकों की सीधी टक्कर हो गई, जिससे बिजली का खंभा टूट गया। खंभा टूटने से नौ गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण उपकरण शोपीस बन गए हैं। पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। बिजली का खंभा टूटने से भवानीपुर, बसंतीखेड़ा, अमेना, गुलाबपुर, घेरवा, छीछा, दरियापुर, मेउना व कमरापुर की बिजली आपूर्ति ठप है।