फिरोजाबाद वासियों के लिए बड़ी सुविधा, घर बैठे होंगे परिवहन-सारथी के 100 काम, ARTO में ऑटो अप्रूव व्यवस्था लागू
फिरोजाबाद परिवहन विभाग ने सारथी और वाहन पोर्टल की 100 सेवाओं को ऑटो-अप्रूवल व्यवस्था से जोड़ा है। अब आधार प्रमाणीकरण के बाद घर बैठे ही ड्राइविंग लाइसे ...और पढ़ें

फिरोजाबाद का एआरटीओ कार्यालय।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। परिवहन विभाग ने सारथी और वाहन पोर्टल की कुल सौ सेवाओं को आटो अप्रूवल व्यवस्था से जोड़ दिया है। अब इनके लिए उपसंभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आधार प्रमाणीकरण के बाद पात्र आवेदकों के आवेदन तय मानकों के अनुसार पूरी होने पर स्वतः स्वीकृत होंगे और उन्हें घर बैठे आनलाइन व समय से सेवा का लाभ मिलेगा।
इनमें सारथी पोर्टल की 29 और वाहन पोर्टल की 71 सेवाएं शामिल हैं। परिवहन विभाग ने आधार प्रमाणीकरण के जरिए घर बैठे मिलने वाली आनलाइन परिवहन सेवाओं की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी है, जिनमें ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण से जुड़े काम शामिल हैं। इन सेवाओं में बिना एआरटीओ गए सारथी और वाहन पोर्टल के माध्यम से काम स्वतः (आटो अप्रूव) स्वीकृत हो जाएंगे।
पहले यह संख्या 52 थी, लेकिन आवेदकों की समस्याओं के निदान के लिए संख्या में बढ़ोत्तरी की गई है। यह सुविधा आटो अप्रूव होने के साथ फेसलेस भी है। अधिकारियों ने लोगों से आधार प्रमाणीकरण आधारित फेसलेस सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ
कंडक्टर लाइसेंस से संबंधित सेवाओं में नवीनीकरण, डुप्लीकेट कंडक्टर लाइसेंस, कंडक्टर लाइसेंस एक्सट्रैक्ट, नाम, पता, फोटो, हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर में संशोधन की सुविधा भी मिलेगी। वहीं, लर्निंग लाइसेंस से संबंधित डुप्लीकेट लाइसेंस जारी करना, नाम, पता, फोटो और हस्ताक्षर में संशोधन तथा लर्निंग लाइसेंस एक्सट्रैक्ट जैसी सेवाएं भी पूरी तरह आनलाइन कर दी गई हैं।
खबरें और भी
वाहन संबंधी सेवाओं में डुप्लीकेट आरसी, आरसी का विवरण, आरसी में पता परिवर्तन, वाहन के स्वामित्व का हस्तांतरण, अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), विशेष परमिट, डुप्लीकेट परमिट, डुप्लीकेट फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट का गैर-उपयोग, परमिट का स्थायी समर्पण, हाइपोथिकेशन (एचपी) जोड़ने और समाप्त करने की सुविधा भी आटो अप्रूवल व्यवस्था में शामिल कर दी गई है।
पहले सिर्फ 52 सेवाएं ही आवेदकों को आटो अप्रूव और फेसलेस मिल रहीं थीं। अब इन सेवाओं की संख्या भी बढ़ाई गई है। इससे आवेदकों को काफी राहत मिलेगी।
-गौरीशंकर ठाकुर, एआरटीओ प्रशासन