40 किमी दूर से आईं अम्मा, फिरोजाबाद के DM ने की तुरंत सुनवाई; समस्या दूर कराने को साथ भेजे SDM
फिरोजाबाद में 70 वर्षीय वृद्धा ने जनसुनवाई में डाककर्मियों पर 24 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। डीएम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसडीएम को वृद्धा ...और पढ़ें

अम्मा की शिकायत दूर कराने को साथ गए एसडीएम।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। एका से 40 किलोमीटर दूर जनसुनवाई में कलक्ट्रेट पहुंची वृद्धा ने डाककर्मियों पर 24 हजार रुपये खाते से निकालने का आरोप लगाया तो डीएम हैरान रह गए।
हाथ में खाद की बोरी से बना थैला लिए वृद्धा ने कांपते हाथों से डीएम को शिकायती पत्र दिया तो उन्होंने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए कोई निर्देश नहीं लिखे।
बल्कि एसडीएम मुख्यालय से कहा कि वे अभी अम्मा को अपनी गाड़ी में बिठाकर ले जाएं और पूरी जांच कर शाम तक रिपोर्ट दें।
मामला दोपहर 12 बजे का है। डीएम संतोष कुमार शर्मा अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे थे। तभी वहां एका थाना क्षेत्र के गांव चिमरारी से 70 वर्षीय मुन्नी देवी उनके पास पहुंचीं। डीएम ने उन्हें अपने सामने कुर्सी पर बिठाया और समस्या पूछी।
वृद्धा ने शिकायती पत्र आगे कर दिया। उस पर केवल चार लाइन लिखी थीं। वृद्धा ने बताया कि उनके खाते से डाक कर्मचारियों ने 24 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली है।
इस पर डीएम ने पास में बैठे एसडीएम मुख्यालय अब्बास हसन नकवी को निर्देश दिए कि वह उन्हें अपनी गाड़ी में साथ बिठाकर ले जाएं और पूरी जांच करें।
एसडीएम भी बिना देर लगाए वृद्धा को अपने साथ लेकर चले गए। वहां उन्होंने एका डाकघर से उनके खाते का पूरा ब्यौरा लिया। उसके अनुसार खाते से डाकघर के साथ ही दो जनसेवा केंद्रों से धनराशि निकाली गई थी।
इसलिए उन्होंने दोनों जनसेवा केंद्रों पर जाकर भी उनके संचालकों से पूछताछ की। एसडीएम ने बताया कि अभी जांच चल रही है। डाकघर और जनसेवा केंद्र संचालकों से कुछ ब्यौरा मांगा गया है।