फिरोजाबाद में मैनपुरी के दो मोबाइल लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद मैनपुरी के दो मोबाइल लुटेरों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है। ...और पढ़ें
-1761109461992_v-1786099782657_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फिरोजाबाद में पुलिस ने दो मोबाइल लुटेरों को मुठभेड़ में पकड़ा।
एक लुटेरे ऋषि उर्फ कन्हई के पैर में गोली लगी, घायल।
पुलिस ने पांच मोबाइल, बाइक, नकदी और तमंचा बरामद किया।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले मैनपुरी के दो लुटेराें को पुलिस ने गुरुवार रात 12.15 बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। लुटेरों के पास से राइडर बाइक, पांच मोबाइल फोन, सात हजार रुपये और तमंचा बरामद हुआ है।
शिकोहाबाद इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि पिछले दिनों भारत गैस गोदाम, एटा रोड के पास और सुभाष तिराहा से दो लोगों से मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। पुलिस लुटेरों की तलाश में थी। देर रात जानकारी मिली कि वारदात करने वाले दो लुटेरे पुरातन रोड स्थित कोल्ड स्टोर के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
इस पर पुलिस टीम ने वहां वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान बाइक पर आए दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वे बाइक मोड़ कर भागने लगे। इस दौरान बाइक फिसल कर गिर गई। इस बीच एक युवक ने पुलिस पर फायर कर दिया पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक के पैर में गोली लग गई।
घायल की पहचान ऋषि उर्फ कन्हई निवासी गिहार कॉलोनी, भोगांव, मैनपुरी के रूप में हुई। उसके मोहल्ले के ही साथी मनीष को दौड़ा कर गिरफ्तार कर लिया गया। लुटेरों ने मोबाइल लूट की वारदातें स्वीकार की हैं। उन्होंने बताया कि ऋषि पर मैनपुरी, आगरा, फतेहगढ़ और जिले के थानों में एक दर्जन, मनीष पर भी लगभग इतने ही मुकदमे दर्ज हैं।