फिरोजाबाद में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हादसा, शटरिंग खोलते समय 20 फीट नीचे गिरा मजदूर
फिरोजाबाद के सुभाष तिराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर से शटरिंग खोलते समय एक मजदूर 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती घायल मजदूर।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सुभाष तिराहे पर बन रहे फ्लाईओवर की शटरिंग खोलते समय बुधवार सुबह एक मजदूर 20 फीट नीचे सड़क पर गिर पड़ा। सिर और सीने में चोट लगने के साथ ही पैर की हड्डी टूटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों ने उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। हादसे के समय वह सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट नहीं लगाए हुए था।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से सुभाष तिराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार सुबह उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी 40 वर्षीय प्रदीप कुमार राय अपने बेटे मोहित और साले रवि के साथ सुभाष तिराहा पर शटरिंग खोल रहे थे। सुबह नौ बजे पैर फिसलने से प्रदीप 20 फीट ऊंचाई से सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद पुल निर्माण में लगे मजदूरों में खलबली मच गई। राहगीरों की भी मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई।
बेटा, साला और साथी मजदूरों ने उन्हें सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। प्रदीप के अनुसार सिर, सीने में चोट के साथ ही बाएं पैर की हड्डी टूट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल से गिरा मजदूर हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट नहीं लगाए हुए था। अगर सेफ्टी बेल्ट लगी होती तो शायद वह सड़क पर नहीं गिरता। मेडिकल कालेज चौकी इंचार्ज शुभम ने बताया निर्माणाधीन पुल से गिरने से एक मजदूर घायल हुआ है।
ढाई महीने में हुआ तीसरा हादसा
फ्लाईओवर निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। दैनिक जागरण जिम्मेदार अधिकारियों को सितंबर में खबर प्रकाशित करके आगाह कर चुका है, बावजूद इसके सुरक्षा इंतजामों पर ध्यान नहीं दिया गया। 72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का निर्माण अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था। वर्तमान में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। ढाई महीने में तीन हादसे यहां हो चुके हैं।
तीन अगस्त की शाम को लोहे का पाइप गिरने से राहगीर मनीष निवासी हिमायूंपुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चार सितंबर की शाम को पुल निर्माण में लगी क्रेन की टक्कर लगने से साइकिल विपिन बिहारी शर्मा निवासी सरस्वती नगर की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद भी सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।
शटरिंग हटा रहा मजदूर हेलमेट लगाए हुए था, इसी कारण सिर में गंभीर चोट नहीं आई है। वह पुल के नीचे वाले हिस्से में काम कर रहा था। वहां पर सेफ्टी बेल्ट लगाना संभव नहीं था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जीतेश कुमार, सहायक अभियंता राज्य सेतु निगम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।