फिरोजाबाद में सांप ने पांच लोगों को काटा, बालिका की मौत
फिरोजाबाद में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जहां पांच लोगों को सांप ने काटा और एक 10 वर्षीय बालिका नम्रता की मृत्यु हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
फिरोजाबाद में सर्पदंश से 10 वर्षीय बालिका की मृत्यु।
मानसून में पांच लोगों को सांप ने काटा, अस्पताल में भर्ती।
एक पिता ने सांप को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया, अफरातफरी मची।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। वर्षा के मौसम की शुरुआत के बाद से सर्पदंश की घटनाएं बढ़ गई हैं। रविवार सुबह से दोपहर तक सांप काटे पांच लोग सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए गए। इसमें से बालिका की मृत्यु हो गई। बाकी चार लोगों को भर्ती करना पड़ा।
सुबह पचोखरा के कुछ लोग मरीज के साथ ही उस सांप को भी डिब्बे में लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर आए, जिसने काटा था। एक व्यक्ति उसकी पूंछ पकड़ कर दिखा रहा था। इस बीच सांप भागा तो अफरातफरी मच गई। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
जसराना क्षेत्र के निजामपुर निवासी 10 वर्षीय नम्रता शनिवार देर शाम घर के बाहर खेल रही थी, इस बीच सांप ने काट लिया। पिता श्यामवीर उसे समीप के डाक्टर के पास ले गए। ठीक होने पर वे उसे घर लेकर आए।
पिता ने बताया कि रात 12 बजे नम्रता सिर और पेट में दर्द से कराहने लगी। रविवार सुबह उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वह चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी और कक्षा चार में पढ़ती थी।
खबरें और भी
वहीं, पचोखरा के गांव रामनगर जारखी में सुबह 10 बजे किसान प्रेमपाल 10 वर्षीय बेटे शिवम के साथ धान की रोपाई कर रहे थे। तभी पीले रंग के सांप ने बेटे को डस लिया। चीख सुनकर पिता ने उसकी तरफ देखा। सांप वहां से भाग रहा था।
पिता ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ कर प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। वह बेटे के साथ सांप को भी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंच गए।
ट्रामा सेंटर में दिखाते समय सांप हाथ से छूट कर भाग गया। इस दौरान मरीज और तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। हालांकि किसान ने पांच मिनट बाद उस सांप को दोबारा पकड़ लिया और डिब्बे में बंद कर दिया।
तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पिता का कहना है कि सांप को इसलिए पकड़ कर ले आए जिससे डाक्टरों को पता चल सके कि सांप कितना जहरीला है। अलग-अलग स्थानों के तीन अन्य लोग भी सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराए गए।
सांप काटने पर क्या करें?
इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डाॅ. राहुल जैन ने बताया कि सांप काटे मरीजों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराने में देरी नहीं करनी चाहिए। झांड़-फूंक से मरीज ठीक नहीं होते। सांप के काटने पर मरीज को सोने न दें।
जिस जगह पर काटा है उसे ठीक तरह पानी से धो लें। उसके पास किसी रस्सी या कपड़े से बांध दें, ताकि विष पूरे शरीर में न फैलने पाए। मरीज को जल्द से जल्द समीप के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर जाएं।