फिरोजाबाद में दो घंटे के भीतर 11वीं की छात्रा और 7वीं के छात्र को आया हार्ट अटैक, दोनों की मौत
फिरोजाबाद में दो छात्र-छात्राओं की स्कूल और कोचिंग से लौटते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फिरोजाबाद में दो छात्र-छात्राओं की हार्ट अटैक से दुखद मौत।
कोचिंग से लौट रही 11वीं की छात्रा सड़क पर गिरी।
स्कूल में 7वीं के छात्र को हार्ट अटैक, हुई पुष्टि।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दो छात्र-छात्राओं की स्कूल और कोचिंग से लौटते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। दोपहर 12 बजे कोचिंग से लौट रही 11वीं की छात्रा दीपमाला अचानक सड़क पर गिर पड़ीं। ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण साइलेंट अटैक बताया गया है। इससे कुछ देर पहले सातवीं का छात्र दीपक कुमार गिरा और फिर न उठ सका।
ताऊ ने मिड डे मील खाने के बाद हालत बिगड़ने के आरोप लगाए, लेकिन शाम को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई। शिक्षक संजय कुमार की बड़ी बेटी 16 वर्षीय दीपमाला उर्फ डिंपल रवि क्लासेस में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही थीं।
शुक्रवार सुबह 11.30 बजे छुट्टी के बाद दीपमाला अपनी सहेली सारा के साथ गांधी पार्क की तरफ जा रही थीं। अचानक वह सड़क पर गिर गईं। कोचिंग से निकले अन्य छात्र-छात्राएं यह देखकर समझे कि गर्मी से चक्कर आया होगा। उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
चिकित्सकों ने दीपमाला को मृत घोषित कर दिया। सुभाष कुमार का बेटा 12 वर्षीय दीपक सातवीं कक्षा का छात्र था। शुक्रवार सुबह 10.30 बजे मध्यावकाश हुआ। प्रधानाध्यापक सीताराम ने बताया कि दीपक ने स्कूल में खिचड़ी खाने से मना कर दिया। वह क्लासरूम में कैरम खेलने लगा। इसी बीच दीपक का बड़े भाई गुड्डू उसे बुलाने पहुंचे।
खबरें और भी
दीपक क्लासरूम से निकला और बरामदे में अचेत होकर गिर पड़ा। पानी के छींटों से होश नहीं आया तो स्वजन सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ताऊ शिवराम ने आरोप लगाया कि एमडीएम में मिली खिचड़ी खाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी।
बीएसए ने एबीएसए उपेंद्र सिंह व अन्य को विद्यालय भेजा। खाद्य विभाग की टीम ने खिचड़ी के सैंपल लिए। इंस्पेक्टर केएस पाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: डेढ़ साल के बच्चे की पटककर हत्या करने वाले दोषी को फांसी की सजा, 41 दिन में कोर्ट का फैसला