UP में ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा बढ़ी, कोहरे और लाल सिग्नल पर खतरे से पहले 'कवच' लगाएगा ब्रेक
रेलवे ने ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 'कवच' प्रणाली लागू की है, जो लाल सिग्नल पार करने या कोहरे ...और पढ़ें

यह तकनीक एक ही पटरी पर ट्रेनों की टक्कर को भी रोकेगी और उत्तर मध्य रेलवे में इसका विस्तार किया जा रहा है।
HighLights
कवच प्रणाली लाल सिग्नल और गति उल्लंघन पर ट्रेन स्वतः रोकेगी।
यह तकनीक एक ही पटरी पर ट्रेनों की टक्कर भी रोकेगी।
उत्तर मध्य रेलवे में कवच का विस्तार, यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।
संवाद सूत्र, टूंडला। ट्रेनों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए रेलवे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। इसी दिशा में कवच (आटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम) अहम भूमिका निभाएगा। लोको पायलट के लाल सिग्नल पार करने या ट्रेन के निर्धारित गति सीमा से तेज चलने पर यह सिस्टम अपने आप ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक देगा।
एक ही पटरी पर दो ट्रेनों के आमने-सामने या पीछे से आने की स्थिति में भी टक्कर रोकने के लिए कवच सक्रिय होगा। डिप्टी सीटीएम कार्यालय में सोमवार दोपहर 12 बजे उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि कवच तकनीक अनुसंधान अभिकल्प और मानक संगठन (आरडीएसओ) ने विकसित की है।
चिपियाना से कानपुर तक कवच सिस्टम का कमीशनिंग कार्य हो चुका है। हिरनगांव, टूंडला और मितावली के बीच करीब नौ किलोमीटर के हिस्से में भी इससे जुड़ा कार्य कराने की मंजूरी मिली है। उन्होंने बताया कि डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर (डीएफसी) शुरू होने से मालगाड़ियां अलग ट्रैक पर चल रही हैं। इससे यात्री ट्रेनों के संचालन में सुधार आया है।
दाऊद खां से कानपुर के बीच नई रेल लाइन का काम जारी है। फिलहाल ट्रेनों की समयपालनता करीब 90 प्रतिशत है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 96 प्रतिशत तक पहुंच रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का विकास किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे के 11 स्टेशन तैयार हो चुके हैं और उनका जल्द उद्घाटन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में उप मुख्य यातायात प्रबंधक अमित आनंद भी मौजूद रहे।
कोहरे से निपटने के लिए प्रशिक्षण
सर्दियों में कोहरे के कारण ट्रेनों के विलंब और निरस्तीकरण से जुड़े सवाल पर सीपीआरओ ने कहा कि रेलवे की पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। दृश्यता कम होने पर ट्रेनों की गति नियंत्रित की जाती है। स्टेशन कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देने के साथ प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
अस्पतालों में डाक्टरों की कमी दूर करने की योजना
चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए संविदा पर डाक्टर रखने की योजना पर काम चल रहा है। टूंडला में चिकित्सकों की कमी होने पर कानपुर से डाक्टर बुलाए जाते हैं। इसके अलावा कंपनी बाग पार्क का सुंदरीकरण कराया जाएगा। एनसीआर के मैदान में बेहतर खेल मैदान विकसित करने की भी योजना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।